बौंद कलां। जिले के गांव अचीना में चोर एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए करीब एक लाख रुपये की नकदी व जेवरात ले गए। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
अचीना निवासी राजबीर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह स्वास्थ्य विभाग में निरीक्षक के पद पर रेवाड़ी के नाहड़ सीएचसी में कार्यरत है। उसका बेटा अंकित चंडीगढ़ में कार्यरत है और अपनी पत्नी के साथ वहीं पर रहता है। गांव अचीना में घर पर वह और उसकी पत्नी प्रवीन रहते हैं। वह नाहड़ सीएचसी से शनिवार और रविवार को ही घर आते हैं।
उन्होंने बताया कि गत 29 अप्रैल को उनकी पत्नी अपने मायके चली गई थी। शुक्रवार को शाम के समय जब उनकी पत्नी वापस आईं तो घर के मेन गेट का ताला खोलकर अंदर गईं तो दरवाजे पर लगा ताला टूटा हुआ था और अंदर सामान बिखरा हुआ मिला। सूचना पाकर वह भी गांव अचीना स्थित घर पर पहुंचे।
जब उन्होंने अपने स्तर पर सामान की जांच की तो उसकी पत्नी के कमरे में बनी अलमारी से सोने की दो चेन और साथ वाले कमरे की अलमारी से 40 हजार रुपये की नकदी गायब मिली। इसके अलावा उनकी पुत्रवधू के कमरे में अलमारी से सोने का एक हार, मंगलसूत्र, एक जोड़ी सोने के कड़े, सोने की एक अंगूठी, एक लॉकेट, दो जोड़ी टॉप्स, सात जोड़ी पाजेब, 11 जोड़ी चुटकी, चांदी की छह अंगूठी, चांदी का पैंडल तथा 60 हजार रुपये की नकदी गायब मिली।
घटना की जानकारी पाकर अचीना ताल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट टीम को भी मौके पर जांच के लिए बुलाया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।