बाढड़ा। गांव गोपी स्थित बाबा श्योनंद महाराज के मंदिर में बुधवार रात्रि को चोरी हो गई। चोर मंदिर के शीशे के गेट को तोड़कर चांदी का मुकुट व छत्र चोरी कर ले गए। गांव निवासी जितेंद्र ने पुलिस थाना बाढड़ा में दी शिकायत में बताया कि धार्मिक स्थल में प्रतिदिन श्रद्धालु पूजा करने आते हैं। 11 फरवरी रात करीब साढ़े आठ बजे आरती के बाद श्रद्धालु मंदिर को बंद कर घर चले गए थे। रात के समय मंदिर में कोई नहीं रहता। 12 फरवरी को सुबह पांच बजे जब भक्त मंदिर पहुंचे तो दरबार में लगा शीशे का गेट टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो चांदी का मुकुट व छत्र गायब मिले। सीसीटीवी फुटेज में रात नौ बजकर 20 मिनट पर अज्ञात व्यक्ति मुकुट व छत्र चोरी करते हुए नजर आ रहा है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।