मौके पर पहुंची पुलिस टीम और क्षतिग्रस्त स्कोर्पियो।
बाढड़ा। कस्बे के सतनाली रोड स्थित इनेलो प्रदेश महासचिव विजय पंचगांवा की जगह पर रात को किसी ने कब्जा कर लिया। सुबह वहां पहुंचे डंडों से लैस 30 युवकों ने गाड़ियों में तोड़-फोड़ की। विजय पंचगांवा की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात हमलावरों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बाढड़ा थाना प्रभारी दिलबाग सिंह ने बताया कि कस्बे में दिनदहाड़े हमला करने की सूचना मिलते ही पुलिस टीमें मौके पर पहुंच गई थीं।
पुलिस को दी शिकायत में विजय पंचगांवा ने बताया कि सतनाली रोड पर उन्होंने कुछ दिन पहले ही एक जगह खरीदी थी। स्टांप ड्यूटी भरने के बाद उन्होंने नियमानुसार रजिस्ट्री अपने नाम कराई थी। रात को अज्ञात लोगों ने उनकी जगह पर दीवार खड़ी कर लोहे का गेट लगा दिया।
सोमवार को जब वह मौके पर पहुंचे तो करीब 30 युवक गाड़ियों में सवार होकर आए। उन्होंने अपनी वाहन से वहां खड़े वाहनों को टक्कर मारनी शुरू कर दी। वहां खड़ी एक कार क्षतिग्रस्त हो गई जबकि हमलावरों का क्षतिग्रस्त वाहन भी वहीं रह गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। तब तक आरोपी भाग चुके थे। इसके बाद विजय पंचगांवा ने लिखित शिकायत देकर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की।
4 दिन पहले खरीदा था प्लॉट
विजय पंचगांवा ने बताया कि मानकावास गांव निवासी महिला मंजू से चार दिन पहले ही 27 मार्च को उन्होंने जगह खरीदी थी। जगह 18 फीट चौड़ी और 60 फीट लंबी है। इसकी रजिस्ट्री भी उनके नाम है।
इस संबंध में शिकायत मिली है। इसके आधार पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
-दिलबाग सिंह, एसएचओ, बाढड़ा पुलिस थाना