जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त मनदीप कौर
चरखी दादरी। भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) के निर्देशों के अनुसार जिले में 25 मई को मतदान होगा। उस दिन हर मतदान केंद्र पर लू से बचाव के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं की जाएंगी। मतदान केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में पेयजल का प्रबंध होगा। इस दौरान लू से बचाव के लिए विशेष प्रबंध किए जाएंगे। मतदान प्रक्रिया में लगे सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को लू से सेहत पर होने वाले प्रभाव और लक्षणों की जानकारी भी दी जाएगी ताकि समय रहते चिकित्सा सेवाएं ली जा सके।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त मनदीप कौर ने बताया कि ईसीआई की ओर से 25 मई को लोकसभा चुनाव के लिए मतदान करवाया जाएगा। ऐसे में अत्यधिक गर्मी होना स्वाभाविक है। निर्वाचन आयोग की ओर से दी गई जानकारी अनुसार मौसम विभाग ने भी मतदान के समय लू चलने की संभावना जताई है।
इस बारे में ईसीआई की ओर से विशेष सावधानी बरतने और तैयारी रखने के निर्देश जारी किए गए हैं। इनमें लाइन में लगे मतदाताओं का लू से बचाव करने के लिए छांव का प्रबंध करना, मतदान केंद्र का हवादार होना, मतदान केंद्र में पंखे होना, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग व्यक्तियों जैसे कमजोर मतदाताओं को विशेष सहायता प्रदान करना आदि शामिल है। ईसीआई के निर्देशों के अनुसार सभी मतदान केंद्रों पर पेयजल की व्यवस्था होगी ताकि मतदान केंद्र में मतदाताओं को पीने के लिए पर्याप्त पानी मिले।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी रखेंगे तालमेल
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदान प्रक्रिया में नियुक्त अधिकारी स्वास्थ्य विभाग के साथ तालमेल बनाए रखेंगे। मतदान के दिन सामान्य मतदाताओं के साथ बुजुर्ग और दिव्यांगजनों का विशेष ध्यान रखा जाएगा। पोलिंग स्टाफ की सुविधा पर भी ध्यान दिया जाएगा और एहतियात के तौर पर प्राथमिक उपचार पेटिका में उल्टी और दस्त आदि की भी दवा होगी।