चरखी दादरी। बारिश थमने के 50 घंटे बाद भी बाजारों और शहर के विभिन्न क्षेत्रों से पानी की निकासी नहीं हुई है। जलभराव का दंश झेल रहे व्यापारियों का सब्र मंगलवार सुबह जवाब दे गया और साढ़े 11 बजे परशुराम चौक पर उन्होंने जाम लगा दिया। उमस और चिलचिलाती धूप के बीच व्यापारी और दुकानदार चार घंटे तक सड़क पर डटे रहे और ड्यूटी मजिस्ट्रेट व जनस्वास्थ्य विभाग के एक्सईएन के तीन दिन के अंदर पानी निकासी करवाने का आश्वासन देने पर ही उन्होंने जाम खोला। वहीं, प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर पानी निकासी के लिए विभाग ने सकारात्मक कदम नहीं उठाए तो बुधवार को विरोधस्वरूप शहर का पूरा बाजार बंद किया जाएगा।
बता दें कि रविवार को हुई बारिश के बाद से शहर में बाढ़ जैसे हालात बने हैं। सीसीआई परिसर में पानी निकासी बंद होने और सदर थाने के पीछे स्थित जोहड़ ओवरफ्लो होने से पानी का स्तर घटने के बजाय बाजारों में बढ़ रहा है। प्रशासन पर उदासीन रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल जिला प्रधान जयभगवान मस्ताना की अगुवाई में व्यापारी और दुकानदार लामबंद होकर शहर के परशुराम चौक पर पहुंचे और सुबह साढ़े 11 बजे जाम लगा दिया।
करीब तीन घंटे तक प्रशासन की ओर से कोई भी अधिकारी प्रदर्शनकारियों के बीच नहीं पहुंचा और इससे उनका गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। व्यापारियों ने प्रशासन के इस रवैये पर परशुराम चौक पर ही पक्का मोर्चा लगाने और भूख हड़ताल करने की चेतावनी दे डाली। दूसरी ओर परशुराम चौक पर जाम लगने के कारण चारों मार्गाें की ट्रैफिक व्यवस्था बाधित हो गई और वाहन चालकों व राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। करीब तीन बजे ड्यूटी मजिस्ट्रेट के तौर पर समाज कल्याण अधिकारी ओमप्रकाश मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त करने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने एक न सुनी। इसके आधे घंटे बाद ड्यूटी मजिस्ट्रेट जनस्वास्थ्य विभाग के एक्सईएन शशिकांत को लेकर प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचे और दोबारा से उन्हें आश्वस्त करने का प्रयास किया। पहले प्रदर्शनकारियों ने जाम खोलने से इंकार कर दिया, लेकिन अधिकारियों ने 72 घंटे के अंदर पानी निकासी का आश्वासन देकर उन्हें मना लिया। हालांकि प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट कहा कि बुधवार बाजारों में भरे पानी का स्तर नहीं घटा तो वो दोपहर को ही बाजार बंद कर देंगे। इसके बाद करीब साढ़े तीन बजे व्यापारियों और दुकानदारों ने जाम खोल दिया।
5 एंबुलेंस, तीन पुलिस वाहन और 12 स्कूल बसों को दिया रास्ता
भले ही व्यापारियों ने चार घंटे तक मुख्य चौक पर जमा लगाए रखा, लेकिन इस समय अवधि के दौरान उन्होंने नरमी बरतते हुए एंबुलेंस, पुलिस वाहन और स्कूल बसों को रास्ता दिया। साढ़े 11 से साढ़े तीन बजे तक जामस्थल से 5 एंबुलेंस, तीन पुलिस वाहन और 12 स्कूली बसें गुजरीं। हालांकि इनके अलावा अन्य किसी वाहन चालक को प्रदर्शनकारियों ने रास्ता नहीं दिया। कई वाहन चालक तो रोकने पर अपना आपा खो गए और वो प्रदर्शनकारियों से उलझते नजर आए।
पुलिस ने डायवर्ट करवाए रूट, वाहन चालक रहे परेशान
जाम के चलते पुलिस ने वाहनों के रूट डायवर्ट करवा दिए। परशुराम चौक से रोहतक रोड की तरफ जाने वाले वाहनों को भी पुलिस ने वाया सरदार झाडू सिंह चौक के जरिये निकलवाया। कई वाहन चालक इस रूट से अनजान होने के चलते अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए परेशान रहे।
इन क्षेत्रों से कम नहीं हुआ पानी का स्तर
मंगलवार की स्थिति देखें तो शहर के किसी भी क्षेत्र से पानी का स्तर कम नहीं हुआ। मंगलवार शाम तक कोर्ट रोड, रोहतक रोड, सरदार झाडू सिंह चौक रोड, रेस्ट हाउस रोड, रेलवे रोड, पुरानी सब्जी मंडी रोड, मेन बाजार, काठमंडी रोड, पुरानी अनाज मंडी रोड पर पानी भरा रहा। जलभराव के चलते मंगलवार को तीसरे दिन भी दुकानों से ग्राहक नदारद रहे।
प्रशासन ने तीन दिन का समय मांगा है और इसके चलते हमने जाम खोल दिया। बुधवार तक अगर पानी निकासी के प्रबंध पुख्ता नजर नहीं आए तो पूरा बाजार बंद कर देंगे।
-जयभगवान मस्ताना, जिला प्रधान, फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल
हरसंभव व्यवस्था बनाने का हम प्रयास कर रहे हैं। पानी उठान करने वालीं माेटरों की संख्या बढ़ाकर जल्द ही पानी निकासी कर दी जाएगी।
-शशिकांत, एक्सईएन, जनस्वास्थ्य विभाग