फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: बैंक के 500 मीटर के दायरे में हैं 4 थाने, चोर फिर भी ले गए 459 लोगों के साढ़े 4 करोड़ के गहने

Sat, 03 May 2025 12:34 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
विज्ञापन
बैंक स्टाफ से पूछताछ करती एफएसएल टीम।
विज्ञापन
चरखी दादरी। मणप्पुरम गोल्ड लोन बैंक शाखा के 500 मीटर के दायरे में 4 थाने हैं। बावजूद इसके चोर 459 लोगों के करीब साढ़े चार करोड़ के गहने चुरा ले गए। गहने और नकदी चोरी होने के बाद बैंक और पुलिस सुरक्षा पर सवालिया निशान उठ रहे हैं। मणप्पुरम बैंक रोहतक रोड पर भगवान परशुराम चौक के पास स्थित है। वर्ष 2019 से यहां शाखा चल रही है, लेकिन आज तक रात में चौकीदार या सिक्योरिटी गार्ड तैनात नहीं किया गया। वहीं, बैंक का मुख्य गेट मेन रोहतक रोड पर है। यहां से करोड़ों के गहने व लाखों की नकदी चोरी होने के बाद पुलिस की गश्त व्यवस्था पर भी सवाल उठे हैं।
विज्ञापन

प्रारंभिक जांच के आधार पर वारदात में बैंक स्टाफ की मिलीभगत का शक है। कारण यह कि स्ट्रांग रूम में रखी तिजोरी को तोड़ने के बजाय तालों को चाबी से खोला गया है। बैंक शाखा में फिलहाल 6 कर्मचारी तैनात हैं। प्रयास खत्री सीनियर और सचिन जूनियर मैनेजर हैं। इनके अलावा रवि कुमार व शिवा जूनियर स्टाफ के तौर पर कार्यरत है। शिवा सिक्योरिटी गार्ड और रीतू चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है।

मैनेजर बोला : चोरी की बात कहकर मजाक मत कर, वीडियो कॉल कर मुझे दिखा
सिक्योरिटी गार्ड शिवा ने बताया कि सुबह साढ़े 9 बजे वह बैंक शाखा पहुंचा। उसने बैंक मैनेजर को सूचित किया। चोरी की बात सुन मैनेजर ने कहा कि क्यों मजाक कर रहे हो, चोरी हुई है तो मुझे वीडियो कॉल करके दिखाओ। इसके बाद उन्हें वीडियो कॉल कर सारा माजरा दिखाया।
विज्ञापन


शाम 5 बजे तक पुलिस डाले रही डेरा
चोरी की वारदात का पता चलते ही सबसे पहले शहर थाना प्रभारी सन्नी कुमार टीम समेत मौके पर पहुंचे। इसके बाद डीएसपी हेडक्वार्टर धीरज कुमार, फिर सीआईए व एफएसएल समेत पुलिस की आईटी टीम मौके पर पहुंची। शाम करीब 5 बजे तक पुलिस टीम और बैंक के अधिकारी शाखा में डटे थे।

बाहर लगे मीटर के तार में मिला फॉल्ट
बैंक शाखा का पूरा सिक्योरिटी सिस्टम बिजली आपूर्ति पर निर्भर है। कर्मचारियों की मानें तो वीरवार सुबह 11 बजे बत्ती गुल हुई थी। शाम 7 बजे बैंक शाखा बंद करने तक भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई। शाम को हाजिरी पंच करके कर्मचारी एक साथ निकले थे। वहीं, वारदात के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने इलेक्ट्रीशियन को मौके पर बुलाया तो उसे बाहर लगे मीटर के पास बिजली का तार टूटा मिला। इसे जोड़ने के बाद बैंक की बिजली आपूर्ति बहाल हो गई।

उपभोक्ता न हों चिंतित, बैंक करेगा पूरी भरपाई
सिक्योरिटी एएमएस सतबीर जांगड़ा ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं के गहने चोरी हुए हैं, उन्हें चिंता करने की जरूरत नहीं है। आरबीआई की गाइडलाइन के अनुसार, बैंक उपभोक्ताओं के चोरी हुए गहनों की भरपाई करेगा। उपभोक्ताओं की सूची तैयार की जा रही है।

किस्त भरने आए उपभोक्ता को चोरी का पता चलते ही लौटे
बैंक शाखा में शुक्रवार को लोन की किस्त भरने कुछ उपभोक्ता भी पहुंचे। चोरी होने की बात पता चलते ही वे लौट गए। खेड़ी बत्तर निवासी रामनिवास ने बताया कि उसने बबीता के नाम से गोल्ड लोन लिया हुआ है। किस्त भरने बैंक शाखा में आया था। यहां पता चला कि गहने चोरी हो गए हैं। अब वापस जाना पड़ रहा है।

बैंक शाखा 21 अप्रैल को भी सुर्खियों में आई थी
बैंक शाखा 21 अप्रैल को भी सुर्खियों में आई थी। बैंक कर्मचारी पंकज ने सोनीपत के गोहाना निवासी शाखा हेड विजय और भिवानी जिले के फूलपुरा निवासी सहायक प्रभारी दीपेंद्र पर केस दर्ज कराया था। पंकज का आरोप था कि दोनों कर्मचारियों को शाखा का सारा वित्तीय कार्यभार दिया गया था। लॉकर की चाबी भी इनके पास रहती थी। इन्होंने ग्राहक अजय व सुमित के साथ मिलीभगत कर गहनों की शुद्धता की जांच किए बिना 39,20,728 रुपये का लोन दे दिया। इससे कंपनी को काफी नुकसान हुआ।


जिन लोगों ने गहने गिरवी रखे हुए थे, उन सबकी आरबीआई की गाइडलाइन के अनुसार भरपाई की जाएगी। पुलिस जांच पर पूरा भरोसा है। उम्मीद है कि जल्द ही वारदात सुलझा दी जाएगी।
विज्ञापन

- सुजीत पांडे, क्षेत्रीय प्रबंधक, मणप्पुराम गोल्ड लोन बैंक


पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच करेगी। प्रयास रहेगा कि जल्द से जल्द वारदात सुलझा दी जाए। जांच शुरू कर दी गई है।
-कुलदीप, एएसआई एवं जांच अधिकारी, दादरी शहर पुलिस थाना
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें