व्यापारियों से बातचीत करते हुए एसपी।
- फोटो : 1
बाढड़ा। जेवली रोड स्थित बालाजी ज्वेलर्स शोरूम में सोमवार रात छह युवकों द्वारा की गई चोरी की वारदात को लेकर पुलिस ने जांच तेज कर दी है। बुधवार सुबह पुलिस अधीक्षक अर्श वर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और थाना बाढड़ा के प्रभारी व मामले के अनुसंधानकर्ता को शीघ्र जांच पूरी करने के निर्देश दिए। एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था सख्त करने और मामले की दैनिक प्रगति रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजने के आदेश भी दिए।
चोरी की घटना का जल्द खुलासा करने और आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस अधीक्षक ने विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया है। डीएसपी बाढड़ा के नेतृत्व में गठित इस एसआईटी में सीआईए, स्पेशल स्टाफ, थाना बाढड़ा और साइबर सेल की टीमें शामिल की गई हैं। ये टीमें आपसी समन्वय से जांच करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के ्रयासों में जुटी हैं।
जांच में तेजी के निर्देश : पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी बाढड़ा को सीसीटीवी फुटेज की त्वरित जांच करने, संदिग्ध वाहनों की पहचान करने और फोरेंसिक साक्ष्यों का जल्द विश्लेषण कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और शोरूम व बाजारों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठाने को कहा गया है। स्थानीय व्यापारी संघ और शोरूम संचालकों को सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
शोरूम मालिक को आश्वासन : एसपी अर्श वर्मा ने शोरूम मालिक से बातचीत कर उन्हें जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया।
उन्होंने कहा कि पुलिस इस मामले को पूरी गंभीरता से ले रही है और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। हर संभव सुराग जुटाकर जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
ये था मामला : जेवली रोड स्थित बालाजी ज्वेलर्स नामक शोरूम का सोमवार देर रात करीब छह युवकों ने ताला तोड़कर लाखों रुपये के आभूषण ले गए थे।
बालाजी ज्वेलर्स के संचालक अमित कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मंगलवार सुबह जब वह शोरूम पर आया तो यहां का ताला टूटा हुआ था। पुलिस को सूचित कर अंदर जाकर देखा तो यहां से 14.500 किलोग्राम चांदी व 23 ग्राम सोने से बने आभूषण गायब थे। जिनकी कीमत करीब 30 से 35 लाख रुपये है। इसके बाद व्यापारियों ने धरना-प्रदर्शन भी किया था।