घूमकर घर लौटा था परिवार, अंदर से कुंडी बंद मिली तो पीछे दरवाजे से जाकर सोए
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। शहर निवासी एक परिवार को लापरवाही भारी पड़ गई। चोरी का अंदेशा होने पर भी परिवार सो गया। सुबह उठे तो उन्हें नकदी व टैबलेट चोरी मिले। सुबह महिला ने पुलिस को चोरी होने की शिकायत दी। इसके आधार पर शहर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वार्ड-14 निवासी पीड़िता अनीता ने बताया कि वह अपने पति रणपाल सिंह के साथ बाहर घूमने गई थी। चार अगस्त की रात को वे देर से घर पहुंचे तो उन्हें मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिला। इसके बाद उन्होंने पीछे के कमरे के दरवाजे से घर में प्रवेश किया। उस दौरान अंदर से कुंडी बंद होने पर उन्हें चोरी का अंदेशा हुआ था, लेकिन थकान के कारण वे सो गए। रात को डेढ़ बजे उन्होंने कूलर बंद किया और बाहर आने के लिए दरवाजा खोला तो बाहर से कुंडी लगी हुई थी।
इसके बाद वे दीवार से कूदकर अंदर गए और उन्होंने दरवाजा खोला। उस दौरान सामान वाले कमरे की लाइट जलती मिली। जब उन्होंने अंदर जाकर देखा तो आलमारी खुली थी। सामान बिखरा हुआ था। जब उन्होंने सामान की जांच की तो तीन जगहों पर रखे 20 हजार रुपये और टैबलेट चोरी मिले। महिला ने बताया कि उसके पति शिक्षक हैं। यह टैबलेट स्कूल का था।
महिला ने कहा कि पर्स में कुछ सिक्के रखे हुए थे। चोरों ने उन्हें भी नहीं छोड़ा। महिला का कहना है कि चोर को उनके घर की सारी जानकारी थी। उसे सामान व रास्ते की पूरी जानकारी थी।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया। साथ ही चोर के खिलाफ सबूत जुटाने का प्रयास किया। महिला ने पुलिस से चोर का पता लगाकर नकदी व टैबलेट बरामद कराने की मांग की है।