चोरों द्वारा खंगाली गई अलमारी।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। शहर के वार्ड नंबर 17 में चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए सोने के आभूषण और लाखों रुपये की नकदी चोरी कर ली। पीड़ित बैंक कर्मचारी मनीराम की शिकायत पर शहर थाना पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाने के लिए फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ को भी बुलाया गया। पुलिस को दी शिकायत में गांव बारड़ा निवासी मनीराम ने बताया कि वह फिलहाल चरखी दादरी के वार्ड नंबर 17 में उधम सिंह अस्पताल के पीछे रहता है और केनरा बैंक में कार्यरत है।
19 अक्तूबर को सुबह करीब नौ बजे वह ड्यूटी पर चला गया था। उसकी पत्नी और बच्चे गांव गए हुए थे। दोपहर करीब दो बजे जब वह भोजन करने के लिए घर लौटा और मुख्य दरवाजा खोला तो अंदर की कुंडी लगी हुई थी। इसके बाद उसने आसपास के लोगों की मदद से दरवाजा खुलवाया और अंदर प्रवेश किया। मकान के अंदर वाले दरवाजे का ताला टूटा हुआ था।
कमरे में जाकर देखा तो अलमारी खुली पड़ी थी और सामान बिखरा हुआ था। जांच करने पर अलमारी से सोने की दो अंगूठियां, एक सोने की चेन, कानों के एक जोड़ी बाले और करीब तीन से साढ़े तीन लाख रुपये की नकदी गायब मिली।
इसके बाद उसने ऊपर बने कमरे की अलमारी की जांच की तो वहां भी सामान बिखरा मिला। उस अलमारी में रखे करीब ढाई से तीन लाख रुपये भी गायब थे।