चरखी दादरी। मानकावास क्रशर जोन में बतौर चालक कार्यरत एक युवक ने कुछ लोगों पर मारपीट कर नकदी छीनने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने इसकी शिकायत सदर थाना पुलिस को दी है, जिसके आधार पर एक नामजद समेत 6 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
पुलिस को दी शिकायत में मोतीपुरा निवासी सुनील ने बताया कि वह मानकावास जोन में ड्राइवर है। रविवार सुबह करीब नौ बजे वह अपने किसी परिचित के साथ क्रशर पर बैठा था। उसी दौरान गांव शीशवाला निवासी जोनी व पांच अन्य व्यक्ति कैंपर में सवार होकर आए और उसके साथ मारपीट करने लगे। साथ ही उसकी जेब से 10 हजार रुपये की नकदी छीन ले गए।
पीड़ित ने बताया कि जोनी भी ट्रक चालक है। कुछ दिन पूर्व उनके कहने पर उसने ट्रकों के फास्टैग में दो हजार रुपये का रिचार्ज किया था। जब पैसे मांगें तो जोनी ने पैसे नहीं दिए। रविवार को कैंपर में जोनी व अन्य पांच युवक सवार होकर आए। उनमें से दो लड़के उसे कैंपर के पास ले गए। कैंपर में सवार जोनी व अन्य पांच युवकों ने जाते ही उसके साथ मारपीट कर घायल कर दिया। इसी दौरान उन्हीं में से किसी ने उसकी जेब से 10 हजार रुपये निकाल लिए। जाते समय जान से मारने की धमकी दे गए। उसके बाद उसके साथी ने उसे झोझू सीएचसी में उसे भर्ती करवाया।