फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: 2.92 करोड़ से मानकावास में बनना था जलघर आज तक नहीं हुआ शुरू

Fri, 28 Jul 2023 12:52 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
विज्ञापन
विज्ञापन
चरखी दादरी। सरकार की ओर से दी गई ग्राम संरक्षक की जिम्मेदारी को निभाते हुए उपायुक्त प्रीति ने वीरवार को मानकावास का दौरा किया। इस दौरान ग्रामीणों ने उनके समक्ष कई समस्याएं रखीं। ग्रामीणों ने उपायुक्त से कहा कि गांव में 2.92 करोड़ की लागत से जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से जलघर बनना था, लेकिन अभी तक शुरू नहीं किया गया है। उपायुक्त ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि जनसमस्याओं का निराकरण अवश्य होगा।
विज्ञापन

मानकावास के निवासियों ने गांव के राजकीय कन्या उच्च विद्यालय परिसर में आयोजित हुई ग्राम सभा में बताया कि यहां गलियों में जलभराव की समस्या है जबकि पीने का पानी साफ नहीं आ रहा है। गांव के स्वास्थ्य केंद्र में योग्य चिकित्सक की कमी है और गांव में बने सरकारी भवनों की हालत जर्जर है। गांव में पिछले तीन साल से लाइब्रेरी बनाने का काम पूरा नहीं हुआ है। राजकीय विद्यालय के मैदान की चहारदीवारी नहीं बनी हुई है। मानकावास में दो करोड़ 92 लाख की लागत से जलघर बनना था, जो आज तक शुरू नहीं हुआ। उपायुक्त ने कहा कि गांव में पर्याप्त जनसुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रशासन की ओर से ठोस कार्रवाई की जाएगी।

इन स्थानों पर पहुंचीं उपायुक्त
उपायुक्त ने गांव के बूस्टिंग स्टेशन, शिवधाम, सरकारी अस्पताल, पशु औषधालय, स्टेडियम आदि का निरीक्षण किया और मौके पर ही इनका कायाकल्प करवाने के लिए अधिकारियों से बातचीत की। उपायुक्त ने कहा कि राजकीय कन्या विद्यालय में नए शौचालय बनवाए जाएं।
विज्ञापन




कन्या स्कूल के मिड-डे मिल स्टोर का किया निरीक्षण, खाना भी खाया
राजकीय कन्या विद्यालय के मिड-डे मील स्टोर का निरीक्षण करते हुए उपायुक्त ने यहां सामान के उचित रख-रखाव और अनाज व खाद्य सामग्री को सफाई से रखने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने एडीसी डॉ. जयेंद्र सिंह, जिला परिषद के कार्यकारी अधिकारी प्रदीप कौशिक, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र सारवान, खंड शिक्षा अधिकारी कंवरपाल सिंह, पीओ गीता सहारण, मुख्याध्यापक अशोक मुदगिल, सरपंच रचना देवी के साथ मिड-डे मील बैठकर खाया। ग्रामीणों ने मांग रखी कि इस स्कूल में लड़कों के एडमिशन बंद हो गए हैं। इस पर उपायुक्त ने बीईओ को एमआईएस पोर्टल पर स्कूल की स्थिति ठीक करने को कहा। उन्होंने कहा कि नौवीं, दसवीं में सौ से अधिक विद्यार्थी होने पर इस स्कूल का दर्जा दस जमा दो तक करवा दिया जाएगा। इस दौरान राजकीय विद्यालय में साफ भवन, स्वच्छता, हरियाली और स्मार्ट क्लासों की अधिकारियों ने सराहना की।


आंगनबाड़ी केंद्र में भी नहीं मिली सफाई
उपायुक्त प्रीति ने इसी स्कूल परिसर में स्थापित आंगनबाड़ी सेंटर का गहनता से निरीक्षण किया। यहां भी उपायुक्त अनाज व साफ-सफाई को देखकर संतुष्ट नहीं थी। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग की कार्यक्रम अधिकारी गीता सहारण को आंगनबाड़ी सेंटर में सफाई से भोजन बनाने और बच्चों का सही रिकार्ड रखने के निर्देश दिए। उन्होंने गांव के कुछ लोगों को बुलाकर उनके परिवार पहचान पत्रों में दिए गए विवरण की जांच की और उन्हें ठीक करने के निर्देश दिए।


पौधरोपण कर निकाली स्वच्छता रैली
उपायुक्त ने स्कूल प्रांगण में पौधरोपण किया। वन विभाग की ओर से ग्रामीणों को पौधे वितरित किए गए। इससे पहले गांव में राजकीय विद्यालय से स्वच्छता रैली निकाली गई, जिसे अतिरिक्त उपायुक्त डा. जयेंद्र सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सीईओ प्रदीप कौशिक ने कहा कि एसएसए से एस्टीमेट बनवाकर स्कूल की चाहरदीवारी को मनरेगा से बनवा दिया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें