चरखी दादरी मंडी परिसर में गेहूं के बैग के समीप भरा पानी।
चरखी दादरी। मौसम के करवट लेने से वीरवार रात बारिश हुई। इससे मंडी परिसर में खुले में पड़ीं गेहूं और सरसों की ढेरियां व बैग भीग गए। आढ़तियों के अनुसार, करीब एक लाख क्विंटल सरसों और गेहूं बारिश में भीगा है। अब सूखने के बाद ही इनकी उठान हो पाएगी। बारिश में सरसों व गेहूं भीगने से उठान से लेकर भुगतान प्रक्रिया तक प्रभावित होगी।
दरअसल, दादरी मंडी में सरसों और गेहूं की आवक जोरों पर है। अब तक 5.09 लाख क्विंटल सरसों की आवक हुई है। इसमें से एजेंसी ने 4.96 लाख क्विंटल की खरीद कर 3.30 लाख क्विंटल की उठान कराई है। फिलहाल, 1.80 लाख क्विंटल सरसों मंडी में ही पड़ी है। जो सरसों टीन शेड के नीचे थी, वह भीगने से बच गई जबकि खुले में पड़ी करीब 60 हजार क्विंटल सरसों बारिश में भीग गई।
इसी प्रकार, गेहूं की स्थिति देखें तो दादरी मंडी में 2.42 लाख क्विंटल की आवक हुई है। इसमें से एजेंसी ने 2.19 लाख क्विंटल की खरीद कर 1.15 लाख क्विंटल की उठान कराई है। अब भी 1.03 लाख क्विंटल गेहूं मंडी में है। करीब 40 हजार क्विंटल गेहूं बारिश में भीग गया। शुक्रवार सुबह मंडी में श्रमिक भीगे गेहूं व सरसों को फैलाकर सुखाते दिखे।
- सरसों के मुकाबले गेहूं की उठान धीमी
जिले के सभी खरीद केंद्रों की बात करें तो सरसों के मुकाबले गेहूं की उठान धीमी चल रही है। अब तक खरीदी गई सरसों में से 65 प्रतिशत की उठान हो चुकी है। वहीं, गेहूं की बात करें तो खरीदे गए में से 53 फीसदी ही अब तक गोदाम तक पहुंच पाया है।
ज्यादा तेज बारिश नहीं हुई है। बूंदाबांदी होने से फसल में हलकी नमी आई है। जल्द ही अनाज को सुखाकर उठान करवा दी जाएगी।
-राजेश, सहायक मैनेजर, हैफेड