चरखी दादरी। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त मनदीप कौर ने निर्देश दिए हैं कि जिले में गठित सोशल मीडिया की निगरानी टीम के अधिकारी सोशल मीडिया पर विशेष फोकस रखें और सोशल मीडिया पर आने वाले विज्ञापनों का खर्चा भी संबंधित उम्मीदवार या पार्टी के खाते में जोड़ा जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि जिलों में गठित टीमें इस बारे सोशल मीडिया पर पैनी नजर रखें और किसी भी तरह का विज्ञापन मिलने या दिखने पर उसकी रिपोर्ट खर्च के ब्योरे सहित खर्चा निगरानी टीम को दें। रिपोर्ट के आधार पर संबंधित उम्मीदवार या पार्टी के खाते में उस विज्ञापन का खर्चा जोड़ दिया जाएगा।
चुनाव और उसके पहले दिन प्रिंट मीडिया विज्ञापनों की अनुमति जरूरी
चरखी दादरी। भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) के नियमानुसार मतदान के दिन और मतदान से एक दिन पहले प्रिंट मीडिया में प्रत्येक विज्ञापन प्रकाशित कराने से पहले उम्मीदवार या राजनीतिक दल को मीडिया निगरानी एवं प्रमाणन समिति (एमसीएमसी) से प्रमाणपत्र लेना होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त मनदीप कौर ने इसकी पुष्टि की।
उन्होंने बताया कि टीवी और लोकल केबल टीवी में विज्ञापन प्रसारित कराने के लिए नामांकन करते ही एमसीएमसी से प्रमाणित कराना होगा। ईसीआई के निर्देशानुसार जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में निर्देशन में एमसीएमसी का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि एमसीएमसी पूरी गंभीरता से अपना कार्य कर रही है। पेड न्यूज पर नजर रखने के लिए विशेष नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है। एमसीएमसी चुनाव के दौरान ऐसे समाचारों पर पैनी नजर रखेगी, जो पेड न्यूज की श्रेणी में आते हैं।