चरखी दादरी। केंद्रीय नीति आयोग की ओर से बाढड़ा उपमंडल में संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता डिपार्टमेंट ऑफ कॉमर्स की डायरेक्टर एवं आईएएस अधिकारी मोनिका गौड ने की। इस अवसर पर उपायुक्त डॉ. मुनीश नागपाल, सीईओ जिला परिषद डॉ. वीरेंद्र अहलावत तथा उनकी सहायक कुमारी अनुष्का भी उपस्थित रहीं।
बैठक के दौरान मोनिका ने मिड डे मील, आंगनबाड़ी सेवाओं, कृषि से जुड़ी योजनाओं, स्वास्थ्य सुविधाओं सहित अन्य विकास परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए, तभी योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य पूरा हो सकेगा।
उन्होंने सोलर पावर से चलने वाले ट्यूबवेलों को बढ़ावा देने, स्कूलों में एक्टिविटी कक्ष विकसित करने, बच्चों और ग्रामीणों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, समय-समय पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने तथा गांवों में कूड़ा निस्तारण के लिए प्रभावी प्रबंध करने के निर्देश दिए। साथ ही स्वच्छ भारत अभियान को धरातल पर मजबूती से लागू करने पर जोर दिया।
मोनिका ने कहा कि जब तक आमजन को जागरूक और प्रेरित नहीं किया जाएगा, तब तक स्वच्छता और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं को पूरी तरह सफल नहीं बनाया जा सकता। इसलिए ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है।
उपायुक्त डॉ. मुनीश नागपाल ने अधिकारियों को नीति आयोग के निर्देशों के अनुरूप सभी सरकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने सुझाव दिया कि गंभीर बीमारियों से स्वस्थ हो चुके लोगों को ब्रांड एम्बेसडर बनाया जाए, ताकि अन्य मरीजों को प्रेरणा मिल सके। बैठक के बाद टीम ने बाढड़ा उपमंडल का दौरा कर योजनाओं की वास्तविक स्थिति का भी जायजा लिया।