चांदवास से जेवली लिंक रोड पर सड़क पर निकले पत्थर। संवाद
कादमा। गांव चांदवास से जेवली तक जाने वाला करीब तीन किलोमीटर लंबा लिंक मार्ग लंबे समय से जर्जर हालत में है। यह सड़क बाढड़ा-झोझू मार्ग को दोनों ओर से जोड़ती है लेकिन बदहाल स्थिति के कारण ग्रामीणों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं और पत्थर बाहर निकल आए हैं, जिससे वाहन चलाना जोखिम भरा हो गया है। वहीं सड़क के साथ बने नाले का गंदा पानी लगातार सड़क पर बह रहा है जिससे कीचड़ और फिसलन की स्थिति बनी हुई है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों का कहना है कि वे कई बार संबंधित विभाग को इस समस्या से अवगत करा चुके हैं लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ। युवा समाजसेवी प्रवेश सहित अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
बीडीसी सदस्य सुनील चांदवास ने बताया कि वे भी कई बार विभाग को इस संबंध में सूचित कर चुके हैं लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने कहा कि यह लिंक रोड क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, इसलिए इसकी शीघ्र मरम्मत और नाले के पानी की उचित निकासी आवश्यक है।
गांव के सरपंच प्रदीप कुमार ने बताया कि नाले का निर्माण कार्य पूरा होते ही सड़क निर्माण शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि ग्रामीणों की इस समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके।