चरखी दादरी। प्रेम विवाह से नाराज लड़की के परिजनों ने रविवार रात दामाद पर हमला कर दिया। आरोप है कि उसे जबरन बंधक बनाकर पीटा और उसकी स्कॉर्पियो गाड़ी के शीशे भी तोड़ दिए। घायल युवक को दादरी नागरिक अस्पताल से रोहतक पीजीआई रेफर किया गया। पुलिस ने घायल के बयान पर 15 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव रामलवास निवासी 27 वर्षीय युवक ने बताया कि उसने जनवरी 2025 में उसने पड़ोस के गांव गुडाना की युवती से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद से ही उसकी पत्नी के परिजन उसे परेशान कर रहे थे। 7 सितंबर की रात करीब 8 बजे वह स्कॉर्पियो गाड़ी से निहालगढ़ जा रहा था। धर्मकांटा के पास दो गाड़ियों में सवार लोगों ने उसे रोक लिया। इनमें से एक गाड़ी में उसके ससुर और अन्य लोग सवार थे। युवक के मुताबिक, जब उसने भागने की कोशिश की तो हमलावरों ने उसे पकड़ लिया और जबरन अपनी गाड़ी में बैठाकर उसकी पत्नी के चाचा के मकान पर ले गए। वहां उसे लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा गया और उसकी गाड़ी के शीशे भी तोड़ दिए गए। पीड़ित ने आरोप लगाया कि हमले के दौरान महिलाओं सहित कई लोगों ने उसे पीटा। इसी बीच उसकी सोने की चेन, कड़ा और 1200 रुपये भी गायब हो गए।
मदद के लिए पहुंची डायल 112 टीम
शिकायतकर्ता ने पुलिस बयान में बताया कि सूचना मिलने के बाद डायल 112 टीम मौके पर पहुंची और उसे हमलावरों से छुड़ाया। इसके बाद उसे झोझूकलां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। वहां से उसे दादरी नागरिक अस्पताल भेजा गया और दादरी से रोहतक पीजीआई रेफर किया गया। जांच अधिकारी एएसआई रणबीर सिंह ने बताया कि घायल के बयान पर 15 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जो तथ्य सामने आएंगे, उसी अनुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।