चरखी दादरी। जिले में डेंगू केस मिलने का सिलसिला लगातार जारी है। पिछले 48 घंटों की बात करें तो 12 नए मामले मिले हैं। वहीं, डेंगू के बढ़ते मामलों को देखते हुए शनिवार को स्टेट से एक टीम दादरी पहुंची। टीम ने सिविल अस्पताल समेत सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया।
बता दें कि जिले में अगस्त में डेंगू के काफी केस मिल रहे हैं। इस माह करीब 80 मामले सामने आए हैं। इनमें से 80 फीसदी मामले 15 से 26 अगस्त के बीच मिले हैं। जिले में डेंगू के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए उच्चाधिकारियों के निर्देशों पर एक टीम स्टेट से दादरी पहुंची है। टीम ने नोडल अधिकारी डॉ. गौरव भारद्वाज और उनकी टीम के साथ बैठक की। बैठक के दौरान डेंगू के बढ़ते मामलों, प्रभावित क्षेत्र, व्यवस्थाओं और विभाग की आगामी तैयारियों पर मंथन किया गया। इस दौरान टीम ने आवश्यक निर्देश भी दिए, जिनमें सैंपलिंग बढ़ाना अहम रहा।
पीएचसी और सीएचसी पर भी पहुंची टीम
सिविल अस्पताल में स्टाफ के साथ बैठक करने के बाद टीम सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी पहुंची। टीम ने वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और स्टाफ से उनके क्षेत्र में डेंगू की स्थिति जानी।
गांवों के मुकाबले शहर में अधिक मरीज
इस साल गांव के मुकाबले डेंगू का शहर में ज्यादा प्रकोप है। अब तक मिले मरीजों में से 65 प्रतिशत शहर से हैं, जबकि 45 प्रतिशत गांवों से हैं। शहर में विभिन्न जगहों पर जलभराव है और इसके मद्देनजर विभाग ने दवा का छिड़काव शुरू करवा दिया है। एक और खास बात ये है कि 16 से 45 आयुवर्ग में और महिलाओं के मुकाबले पुरुषों में डेंगू का प्रकोप ज्यादा है।
टीम ने ये दिए निर्देश
. नोटिस के बाद लारवा मिलने पर चालान किया जाए।
. छिपे केस ढूंढने के लिए डेंगू सैंपल संख्या बढ़ाई जाए।
. जिले के लोगों को डेंगू के प्रति जागरूक किया जाए।
. फॉगिंग के साथ गलियों व प्लॉटों में भरे पानी में दवा का छिड़काव करें।
जिले में डेंगू पीड़ितों की संख्या 86 पहुंच गई है, 41 ठीक हो चुके हैं, जबकि 45 का उपचार चल रहा है। शनिवार को स्टेट टीम जायजा लेने दादरी पहुंची थी।
-डॉ. गौरव भारद्वाज, डेंगू नोडल अधिकारी