कॉलेज रोड पर पीएच स्कूल के साथ में बनाई गई झुग्गियां।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। शहर के कॉलेज रोड पर प्रस्तावित ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में अवैध झुग्गी-झोपड़ियों को हटाने के लिए नगर परिषद की ओर से 25 और 26 मार्च को विशेष अभियान चलाया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में कई बार अभियान चलाने के बावजूद झुग्गियां फिर से बनाई जा रही हैं, जिससे ग्रीन बेल्ट निर्माण कार्य बाधित हो रहा है। इस अभियान को सुचारु रूप से चलाने के लिए जिला प्रशासन से पुलिस बल और ड्यूटी मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की मांग की गई है।
शहर में पर्यावरण संरक्षण और सुदंरीकरण को बढ़ावा देने के लिए नगर परिषद ने नेशनल हाईवे 334बी के किनारे कॉलेज रोड के साथ ग्रीन बेल्ट निर्माण कार्य शुरू किया है। हालांकि क्षेत्र में झुग्गियों का अतिक्रमण कार्य को धीमा कर रहा है और ग्रीन बेल्ट निर्माण में देरी का कारण बन रहा है।
नगर परिषद का उद्देश्य है कि इस अभियान के जरिए अतिक्रमण पूरी तरह हटाया जाए और ग्रीन बेल्ट निर्माण को तेजी से पूरा किया जा सके।
पहले भी हटाई जा चुकी हैं झुग्गियां : कॉलेज रोड पर परसराम हेतराम स्कूल के पास लंबे समय से झुग्गी-झोपड़ियों का अतिक्रमण था। नगर परिषद ने पिछले वर्ष और जनवरी 2026 में भी बड़े स्तर पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया था। इसके बावजूद लोग बार-बार झुग्गियों का निर्माण कर लेते हैं।