कबीर नगर पर में लोगों से संवाद करते हुए पुलिसकर्मी।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। जिले को नशामुक्त बनाने की मुहिम के तहत पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार के निर्देशन में दादरी पुलिस की ओर से लगातार जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में वीरवार को जिला पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल, यातायात थाना, थाना शहर तथा डायल-112 ईआरवी टीमों की ओर से संयुक्त रूप से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया। इस अभियान के अंतर्गत जिला पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल के प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार, एएसआई राहुल फौगाट, यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश कुमार, थाना शहर प्रभारी निरीक्षक चंद्रशेखर तथा डायल-112 ईआरवी राइडरों की टीमों ने शहर के कबीर नगर, वाल्मिकी नगर, रोज गार्डन, गांधीनगर तथा जनता कॉलेज स्टेडियम में पहुंचकर आमजन, युवाओं एवं विभिन्न सामाजिक वर्गों के लोगों से संवाद स्थापित किया। पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को नशे की लत से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
पुलिस टीमों ने विशेष रूप से युवाओं को नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के भविष्य को अंधकारमय बनाता है, बल्कि परिवार और समाज के लिए भी गंभीर समस्याएं उत्पन्न करता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी ऊर्जा सकारात्मक गतिविधियों जैसे खेलकूद, शिक्षा, कौशल विकास एवं सामाजिक कार्यों में लगानी चाहिए, जिससे वे स्वयं भी स्वस्थ जीवन जी सकें और समाज के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
जनता कॉलेज स्टेडियम में मौजूद खिलाड़ियों और युवाओं को संबोधित करते हुए निरीक्षक सुनील कुमार ने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का विकास करते हैं। इसलिए युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनानी चाहिए।
पुलिस टीम ने लोगों से आह्वान किया कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति नशीले पदार्थों की तस्करी, बिक्री अथवा सेवन जैसी गतिविधियों में संलिप्त पाया जाता है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।