चरखी दादरी। जिले में एक बार फिर से प्रदूषण की समस्या बढ़ती जा रही है। वीरवार को सुबह और शाम को प्रदूषण का अधिकतम स्तर 444 एक्यूआई दर्ज किया गया। दूसरी ओर हवा की स्थिति बेहद खराब रहने से लोगों के स्वास्थ्य पर असर पड़ रहा है। सिविल अस्पताल की ओपीडी पिछले तीन दिनों से 1200 पार चल रही है।
बता दें कि दिवाली से पहले हुई बारिश से जिले की करीब 20 दिन बाद साफ हुई थी। उसके बाद दिवाली पर जमकर आतिशबाजी हुई और लोगों ने कचरे को आग भी लगाई। इसके बाद से ही प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है। मंगलवार को प्रदूषण का अधिकतम स्तर 379 एक्यूआई दर्ज किया गया था, वीरवार को ये बढ़कर 444 एक्यूआई पहुंच गया। इस लिहाज से पिछले 48 घंटों में प्रदूषण का अधिकतम स्तर 65 एक्यूआई बढ़ा है। वीरवार को प्रदूषण का औसतन स्तर 323 एक्यूआई रहा जिसके चलते हवा प्रदूषित रही।
दूसरे ओर प्रदूषण का स्तर फिर से बढ़ने और तापमान में गिरावट आने से लोग बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। यही कारण है कि सिविल अस्पताल की ओपीडी भी बढ़ गई है। पहले जहां दैनिक ओपीडी 1000 तक सीमित थी तो अब 1200 तक पहुंच गई है। प्रदूषण के कारण 20 फीसदी ओपीडी में बढ़ोतरी हुई है। इस ओपीडी में ज्यादातर आंखों में जलन, श्वास, वायरल के मरीज हैं। इसके मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग लोगों से एहतियात बरतने की अपील कर रहा है।
- प्रदूषण रोकने के प्रबंध नाकाफी
प्रदूषण के मद्देनजर सभी सड़कों पर पानी का छिड़काव नहीं हो रहा है। इसके अलावा जो निर्माण कार्य अधर में लटके पड़े हैं वहां धूल उड़ रही है। शहर में भी प्रदूषण का स्तर कम करने के लिए लगातार पानी का छिड़काव करवाने की दरकार है।
- प्रदूषण के मद्देनजर फॉगिंग बंद
प्रदूषण के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू-मलेरिया की रोकथाम के लिए फॉगिंग बंद करवा रखी है। इसकी पुष्टि कार्यवाहक सीएमओ डॉ. गौरव भारद्वाज ने की है। उन्होंने बताया कि डेंगू केस पहले के मुकाबले अब कम हो गए हैं। हालांकि नियमित अंतराल पर केस मिल रहे हैं।
- तापमान में आई गिरावट, सुबह-शाम ठंड का हो रहा अहसास
दिवाली से पहले हुई बारिश के बाद से सुबह-शाम ठंड बनी हुई है। दस दिन पहले के मुकाबले अधिकतम तापमान आठ डिग्री लुढ़का है। वीरवार की बात करें तो अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम 13 डिग्री दर्ज किया गया।
जानिये...प्रदूषण का कितना स्तर सही और कितना खतरनाक
प्रदूषण का स्तर- हवा की स्थिति
0-50 एक्यूआई-अच्छी
51-100 एक्यूआई- संतोषजनक
101-200 एक्यूआई- मध्यम
201-300 एक्यूआई- खराब
301-400 एक्यूआई- बहुत खराब
401-500 एक्यूआई- गंभीर
प्रदूषण के बढ़े स्तर से बचने के लिए बरतें ये सावधानी
- मुंह पर मास्क लगाए
- आंखों को बार-बार ठंडे से पानी से धोते रहे
- गर्म पानी पीएं
- जहां तक संभव हो घर से बाहर न निकले
- सांस लेने में तकलीफ होने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें
- रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाले फलों का सेवन करें
- साधारण पानी को गर्म कर भांप लें
- हल्दी का दूध व शहद का सेवन करें।