चरखी दादरी। धनतेरस पर जिले के बाजार ग्राहकों से गुलजार रहे जबकि दुकानों में धनवर्षा हुई। एक दिन में जिले में करीब 15 करोड़ का कारोबार होने का अनुमान है। यह पिछले साल के मुकाबले करीब डेढ़ गुना है। शहर के व्यापारी भी करीब आठ करोड़ के कारोबार से संतुष्ट हैं। ऑटोमोबाइल मार्केट के कारोबार में भी बूम देखने को मिला।
नगर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के अनुसार, मंगलवार को दादरी शहर का बाजार करीब आठ करोड़ का आंकड़ा छू गया जबकि सामान्य दिनों में चार से पांच करोड़ तक कारोबार पहुंचता है। इसके अलावा शहर में ऑटो मोबाइल मार्केट में भी करीब तीन करोड़ के कारोबार का अनुमान है। वहीं, कस्बों व ग्रामीण क्षेत्रों के बाजारों में करीब चार करोड़ के कारोबार होने का अनुमान है।
धनतेरस पर सराफा, इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़ा और बर्तन मार्केट गुलजार रहा। लोगों की भीड़ उमड़ी। इसके चलते बाजार में लोग एक-दूसरे से सटकर चले। मंगलवार को शहर के कोर्ट रोड पर वाहन लेकर गुजरना मुश्किल रहा और यहां पैदल चलने वाले लोगों की संख्या ज्यादा रही।
किस मार्केट की क्या रही स्थिति
कपड़ा मार्केट : जिले के कपड़ा बाजार में कारोबार की स्थिति अच्छी रही। जिले में करीब 450 दुकानें हैं। मंगलवार को करीब दो करोड़ का कारोबार होने का अनुमान है। गर्म सूटों के अलावा साड़ियों की मांग अधिक रही।
इलेक्ट्राॅनिक्स मार्केट : शहर में इलेक्ट्रॉनिक्स की 12 दुकानें हैं। इन सभी दुकानों में उम्मीद से ज्यादा कारोबार हुआ। बाजार का कारोबार करीब दो करोड़ का आंकड़ा छू गया। वॉशिंग मशीन और एलईडी की मांग ज्यादा रही।
सराफा मार्केट : शहर के सराफा बाजार में कारोबार ठीक रहा। शहर में करीब 80 और जिले में 120 दुकानें हैं। मार्केट का कारोबार करीब दो करोड़ हुआ है। पिछले साल करीब डेढ़ करोड़ रुपये का कारोबार सराफा मार्केट में हुआ था।
बर्तन मार्केट : धनतेरस पर बर्तन मार्केट में भी ग्राहकों की काफी चहल-पहल रही। शहर में 30 बर्तन भंडार हैं। लोगों ने धनतेरस के अवसर पर बर्तन खरीद में काफी दिलचस्पी दिखाई। स्टील के बर्तनों की मांग अधिक रही।
धनतेरस पर कारोबार ठीक-ठाक रहा। शहर के बाजार में करीब आठ कराेड़ का कारोबार हुआ है। पिछले साल के मुकाबले कारोबार काफी ज्यादा होने की उम्मीद थी। -रविंद्र गुप्ता, संरक्षक, नगर व्यापार मंडल, चरखी दादरी।