चरखी दादरी। बिजली निगम ने जिले के सभी 354 फीडर का लोड संतुलित कर दिया है। अब आने वाले गर्मी सीजन में फॉल्ट भी कम आएंगे और कम वोल्टेज की दिक्कत भी नहीं रहेगी। पावर कट से भी राहत मिलेगी। जिले भर में एक लाख 70 हजार बिजली उपभोक्ता हैं। शहर में कनेक्शनधारकों का आंकड़ा करीब 21 हजार है। शहर में 13 फीडर के जरिए बिजली की आपूर्ति की जा रही है। निगम ने 200 एंपीयर से ज्यादा लोड वाले फीडरों के लोड को बांट दिया है। जिले में बिजली की खपत प्रति माह 8.50 करोड़ यूनिट तक है।
शहर व जिले के विभिन्न भागों में कई जगह कम वोल्टेज की समस्या बनी रही है। सुबह-शाम के समय कम वोल्टेज की ज्यादा समस्या बनी रहती है इसका प्रतिकूल असर खासकर शहर की पेयजल आपूर्ति पर भी पड़ता है। शहर में मेन दो पावर सब स्टेशन हैं, जिनके जरिये पूरे शहर में बिजली आपूर्ति की जाती है। रेलवे रोड व चरखी दादरी पावर सब स्टेशन से शहर में बिजली आपूर्ति होती है। रेलवे रोड पावर सब स्टेशन की क्षमता 32 एमवीए है। इसी प्रकार चरखी पावर सब स्टेशन की क्षमता 200 केवीए है। शहर में हाल ही में 33 केवीए क्षमता का एक और पावर सब स्टेशन बनाया गया है। चरखी दादरी भाखड़ा व्यास प्रबंधन बोर्ड के पावर सब स्टेशन की क्षमता भी बढ़ने जा रही है। इसके लिए पावर ट्रांसफार्मर तैयार हो रहा है। पावर ट्रांसफार्मर लगाने के लिए फाउंडेशन बनकर तैयार हो गया है। चरखी सब स्टेशन की क्षमता बढ़कर 260 केवीए हो जाएगी।
लगातार बढ़ रही है बिजली की खपत
शहर में बिजली की खपत लगातार बढ़ती जा रही है। जिला बनने के बाद बिजली की खपत ज्यादा बढ़ रही है। सरकारी कार्यालयोंं में भी खपत बढ़ रही है। बिजली निगम ने 200 एम्पीयर से ज्यादा लोड वाले फीडरों का लोड कम कर दिया है। सभी फीडर के लोड को संतुलित कर दिया गया है। मई-जून माह में आंधी की वजह से फॉल्ट ज्यादा आते हैं। बिजली आपूर्ति ठप हो जाने पर पेयजल आपूर्ति भी बाधित हो जाती है। पानी का भी संकट गहरा जाता है।
जिले में करीब 30 फीडर ओवरलोड चल रहे थे जिससे बार-बार आपूर्ति में व्यवधान आता था। निगम कर्मचारियों को भी लाइन ठीक करने में दिक्कतें आती थी। अब कोई भी फीडर ओवरलोड नहीं रहा है। लोड संतुलित होने पर लाइन ब्रेक डाउन की समस्या नहीं आएगी। निगम 24 घंटे बिजली आपूर्ति करने को तैयार है।
- अविनाश, कार्यकारी अभियंता, बिजली निगम, दादरी।