चरखी दादरी। नव वर्ष पर पांच बच्चों की किलकारी गूंजी। पांचों प्रसव सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर हुईं और तीन दंपतियों के घर लक्ष्मी आईं। पांचों मामलों में जच्चा-बच्चा स्वस्थ हैं। दो केंद्रों पर जच्चा-बच्चा को शाम के समय छुट्टी दे दी गई।
बुधवार की अगर बात करें तो दादरी नागरिक अस्पताल में दो बच्चों का जन्म हुआ। दोनों की सिजेरियन डिलीवरी हुई और कार्यवाहक सीएमओ डॉ. राजविंद्र मलिक ने ऑपरेशन थिएटर में स्टाफ की मदद से डिलीवरी करवाई। अहम बात यह रही कि दोनों डिलीवरी में बेटियां हुईं।
इसके अलावा झोझूकलां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और बाढड़ा व माईकलां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर भी एक-एक डिलीवरी हुई। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की मानें तो झोझूकलां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर चैहड़ कलां निवासी शिवानी ने बेटी को जन्म दिया। वहीं, माईकलां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर ऊण निवासी जरीना बानो ने बेटे को जन्म दिया।
इसी प्रकार, बाढड़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर कारी निवासी प्रियंका ने बेटे को जन्म दिया। अधिकारियों के अनुसार पांचों डिलीवरी में जच्चा-बच्चा पूर्णतया स्वस्थ हैं।
- हर साल करीब 7,500 बच्चे लेते हैं जन्म
दादरी जिले के करीब 14 स्वास्थ्य केंद्रों पर हर साल करीब 5,000 बच्चे जन्म लेते हैं। इनके अलावा करीब ढाई हजार डिलीवरी जिले से बाहर होती हैं। इस लिहाज से एक साल में जिले के अंदर करीब 7,500 बच्चे जन्म लेते हैं।
बुधवार को दादरी नागरिक अस्पताल में दो, बाढड़ा व माईकलां पीएचसी समेत झोझूकलां सीएचसी पर एक-एक डिलीवरी हुई। पांचों मामलों में जच्चा-बच्चा स्वस्थ हैं। तीन दंपतियों को बेटियां और दो को बेटे हुए। -डॉ. आशीष मान, डिप्टी सीएमओ एवं नोडल अधिकारी, जिला स्वास्थ्य विभाग, चरखी दादरी।