चरखी दादरी। केंद्र सरकार ने लोक प्रशासन में उत्कृष्टता के लिए प्रधानमंत्री पुरस्कारों के लिए पंजीकरण और आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 15 नवंबर निर्धारित की है। उपायुक्त डाॅ. मुनीश नागपाल ने बताया कि भारत सरकार के प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग की ओर से वर्ष 2006 में लोक प्रशासन में उत्कृष्टता के लिए प्रधानमंत्री पुरस्कार योजना शुरू की गई थी। इसका उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकारों के जिलों/संगठनों द्वारा किए गए असाधारण और अभिनव कार्यों को मान्यता देना और पुरस्कृत करना है। पुरस्कार प्रथम श्रेणी जिलों का समग्र विकास, द्वितीय श्रेणी आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम व श्रेणी नवाचार में प्रदान किए जाएंगे।
डाॅ. नागपाल ने बताया कि इस योजना को 2014, 2020 और 2021 में रचनात्मक दृष्टिकोण के साथ पुनर्गठित किया गया। 2021 के नए दृष्टिकोण के तहत केवल लक्ष्यों की प्राप्ति नहीं बल्कि सुशासन, गुणात्मक उपलब्धि और अंतिम छोर तक कनेक्टिविटी पर विशेष जोर दिया गया है। पुरस्कारों के लिए आवेदनों का मूल्यांकन तीन मानदंडों सुशासन, गुणात्मक और मात्रात्मक आधार पर किया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक उम्मीदवार पोर्टल या दूरभाष 011-23367966 पर संपर्क कर सकते हैं। संवाद