चरखी दादरी। सिंचाई विभाग ने जिले में फसलों को जलभराव से बचाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत विभाग 40 करोड़ खर्च करने की योजना बना रहा है। इस राशि से करीब 15 गांवों में पाइपलाइन डाली जाएगी। विभाग की ओर से यह काम 20 अप्रैल से शुरू कर किया जाएगा। यह काम पूरा होने पर दादरी से जलनिकासी होगी और सिंचाई के लिए बाढड़ा में अधिक पानी मिल सकेगा।
हर साल बरसात में जिले की चार से पांच हजार एकड़ जमीन पर जलभराव हो जाता है। इस कारण फसल खराब हो जाती है। इससे किसानों को काफी नुकसान होता है। अगली फसल के लिए भी उन्हें मिट्टी सूखने का इंतजार करना पड़ता है। किसानों ने सरकार से जल निकासी कराने की मांग की थी।
इस कारण विभाग ने बरसात शुरू होने से पहले यह परियोजना तैयार करने की योजना बनाई है। इसके तहत भूमिगत पाइपलाइन बिछाकर विभाग नहरों तक मोटी पाइपलाइन के जरिए खेतों से पानी निकासी करेगा। इस परियोजना के लिए विभाग ने मार्च में मंजूरी ले ली है। अब इसकी निविदा प्रक्रिया भी पूरी हो गई है। इसलिए विभाग ने कार्यदायी संस्था को कार्यादेश जारी कर दिया है। अब 20 अप्रैल से ही इस परियोजना पर काम शुरू हो जाएगा।
- इन गांवों में बिछेगी पाइपलाइन
सिंचाई विभाग की ओर से गांव नीमली, अख्तयारपुर, पांडवान, डोहकी, खेड़ी बूरा, कंहेटी, लोहरवाड़ा, भागवी, छपार, बिगोवा, सरूपगढ़-सांतौर, बलाली, मकड़ानी, घसोला, कलियाणा और बीड़ भैरवी आदि गांवों में पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इससे खेतों में होने वाला जलभराव दूर किया जाएगा और जलभराव से खेतों में गाद भी नहीं बनेगी। विभाग की ओर से गांव बलाली, रावलधी और घसोला में वाटर वर्क्स बनाया जाएगा। गांवों से पाइपलाइन के जरिये विभाग वाटर वर्क्स में पानी संग्रहित करेगा। इसके बाद मोटी पाइपलाइन के जरिये पानी सिंचाई के लिए नहरों में पहुंचाया जाएगा।
बाढड़ा खंड में पहुंचेगा बारिश का पानी
विभाग ने बरसात में बाढड़ा खंड के गांवों में पानी उपलब्ध कराने के लिए यह योजना बनाई है। दादरी क्षेत्र में होने वाला जलभराव का पानी पाइपलाइन और नहरों के माध्यम से बाढड़ा क्षेत्र में पहुंचाया जाएगा। वहां पर किसान पानी से फसलों की सिंचाई कर सकेंगे। इससे किसानों को काफी लाभ मिलेगा और कम बारिश के कारण सिंचाई की जरूरत भी पूरी हो सकेगी।
परियोजना पर काम शुरू हो गया है। यह कार्य जून तक पूरा कर लिया जाएगा। इस बार बरसात में बारिश के दौरान जलभराव से किसी प्रकार का नुकसान नहीं होने दिया जाएगा। बाढड़ा क्षेत्र में सूखा मिटाया जाएगा। बारिश का पानी पहुंचाकर किसानों को लाभ दिया जाएगा। - हरबीर सिंह, एसडीओ, सिंचाई विभाग, चरखी दादरी।