दोपहर चार बजे आसमान में छाए बादल, गर्मी से सुनसान सड़क।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। जिले में गर्मी के तेवर लगातार सख्त बने हुए हैं। शनिवार को हल्की बादलवाही के बावजूद भी लोगों को राहत नहीं मिली और तेज धूप व गर्म हवाओं ने दिनभर परेशान किया। अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज होने से दिन के साथ रात में भी उमस और गर्मी से आमजन बेहाल रहे।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। दो दिन गर्मी से राहत के आसार कम ही हैं और लू का असर जारी रहेगा। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। विशेष रूप से दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और सिर को ढककर रखने की अपील की गई है।
बाजार में ग्राहक भी कम दिखे : दिनभर चिलचिलाती धूप का असर बाजारों में भी देखने को मिला। आम दिनों की तुलना में बाजारों में ग्राहकों की संख्या काफी कम रही। दुकानदार भी गर्मी के चलते परेशान नजर आए। दोपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ा क्योंकि तेज धूप और लू के कारण सफर करना जोखिम भरा बना रहा। शाम के समय भी मौसम में कोई खास बदलाव नहीं आया। करीब छह बजे तक सूरज की तपिश कम नहीं हुई।