चरखी दादरी। शहर के राजकीय पीजी कॉलेज को अब तहसील रोड स्थित सैनिक आईटीआई के भवन में शिफ्ट करने की तैयारी शुरू हो गई है। कॉलेज को नए भवन में स्थानांतरित करने की दिशा में प्रशासनिक स्तर पर प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। उपायुक्त के आदेश पर एसडीएम डॉ. वीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में बनी तीन सदस्यीय कमेटी ने अपनी रिपोर्ट उच्च शिक्षा विभाग (डीजीएचई) के उच्च अधिकारियों को सौंप दी है।
रिपोर्ट मिलने के बाद डीजीएचई ने कॉलेज प्राचार्य को पत्र लिखकर सैनिक आईटीआई के भवन की फिजिबिलिटी जांचने के निर्देश दिए हैं। यह भवन कॉलेज के लिए उपयुक्त माना जा रहा है क्योंकि यहां बाजार, कोर्ट, लघु सचिवालय अन्य प्रशासनिक कार्यालय, स्कूल, शिक्षा विभाग सभी नजदीक हैं। नए लघु सचिवालय में शिफ्ट होने से पहले दादरी एसडीएम का कार्यालय इसी भवन में चल रहा था। अब भवन खाली है। हालांकि कॉलेज की शिफ्टिंग का रास्ता तय होने के बावजूद भवन में उपलब्ध सुविधाएं और कमरों की संख्या कॉलेज प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती बन सकती है।
जानिए...क्या है पूरा मामला
लोगों की मांग को पर विधायक सुनील सांगवान ने मुख्यमंत्री के सामने कॉलेज को भवन उपलब्ध करवाने की मांग की थी। इसके बाद डीजीएचई ने जिला प्रशासन को 10 दिन में कॉलेज शिफ्ट करने के आदेश जारी किए थे। पुराने लघु सचिवालय भवन शिफ्ट करने की खबर चल रही थी लेकिन बाद में प्रशासन ने यहां शिफ्ट नहीं किया और जेडीकेडी स्कूल में शिफ्ट करने के प्रशासन की टीम ने निरीक्षण किया लेकिन वहां भी सोसाइटी ने यह कहकर भवन देने से मना कर दिया कि यहां नर्सिंग की कक्षाएं लगाई जानी है। अब जिला प्रशासन ने आईटीआई के भवन को सुझाया है।
12 कमरों में कैसे चलेगा पूरा कॉलेज
सैनिक आईटीआई के भवन में कॉलेज शिफ्ट करने की योजना के सामने सबसे बड़ा सवाल जगह की उपलब्धता का है। भवन में केवल 12 कमरे हैं। ग्राउंड फ्लोर पर 5 और पहले फ्लोर पर 7 कमरे बने हैं। जबकि राजकीय पीजी कॉलेज के संचालन के लिए छह कक्षाओं के अलावा कई अन्य व्यवस्थाएं भी जरूरी हैं। कॉलेज में कक्षाओं के साथ विषयवार प्रयोगशालाएं, प्राचार्य कार्यालय, स्टाफ के बैठने की व्यवस्था, कॉमन रूम और लाइब्रेरी भी स्थापित करनी होगी। ऐसे में सीमित कमरों में सभी सुविधाओं को समायोजित करना कॉलेज प्रशासन के लिए आसान नहीं होगा।
दो भवनों में शिफ्टिंग की योजना पहले ही हो चुकी रद
राजकीय पीजी कॉलेज को नए भवन में शिफ्ट करने के लिए पहले भी विकल्प तलाशे जा चुके हैं। इससे पूर्व पुराने लघु सचिवालय और जेडीकेडी स्कूल के भवन में कॉलेज स्थानांतरित करने की योजना बनाई गई थी लेकिन किन्हीं कारणों से दोनों योजनाएं सिरे नहीं चढ़ पाईं और उन्हें रद करना पड़ा। अब तहसील रोड स्थित सैनिक आईटीआई का भवन कॉलेज के लिए नए विकल्प के रूप में सामने आया है। प्रशासनिक कमेटी की रिपोर्ट के बाद इस विकल्प पर गंभीरता से काम शुरू हुआ है।
डीजीएचई की टीम करेगी निरीक्षण
डीजीएचई के निर्देश पर कॉलेज प्राचार्य भवन की उपयोगिता और उपलब्ध संसाधनों की जांच करेंगे। इसके बाद जल्द ही डीजीएचई की ओर से टीम गठित की जाएगी। यह टीम सैनिक आईटीआई के भवन का निरीक्षण कर कॉलेज संचालन की संभावनाओं का आकलन करेगी। टीम की रिपोर्ट के आधार पर ही शिफ्टिंग को लेकर अंतिम फैसला लिया जाएगा।
वर्सन:
कॉलेज को शिफ्ट करने की प्रक्रिया चल रही है। उच्चतर शिक्षा विभाग की ओर से हमें पत्र मिला है, जिसमें जिला प्रशासन की कमेटी ने सैनिक आईटीआई परिसर में कॉलेज को शिफ्ट करने का विकल्प सुझाया है। जल्द ही डीजीएचई की टीम निरीक्षण कर उपलब्ध सेवाओं के आधार पर फैसला लेगी।जेएस मोर, जिला उच्चतर शिक्षा विभाग अधिकारी व प्राचार्य, राजकीय पीजी कॉलेज दादरी।