बाढड़ा। प्रदेश सरकार फर्जीवाड़े की आड़ में मजदूरों का हक छीनने का काम कर रही है, यह किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं होगा। मजदूरों को उनका हक मिलना चाहिए। इसको लेकर महापड़ाव या आंदोलन करना पड़ेगा तो मजदूर पीछे नहीं हटेंगे। यह बात भवन निर्माण कामगार यूनियन सीटू नेता सुमेर सिंह, रोशन लाल धारणी ने कस्बे के गांव गोपी, जीतपुरा आदि में रविवार को निर्माण मजदूरों कि बैठक को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि श्रम मंत्री का यह बयान कि 90 दिनों की वेरिफिकेशन में फर्जीवाड़ा हुआ, सरासर झूठ और मजदूरों के साथ मजाक है। यह मजदूरों को कुचलने की सुनियोजित साजिश है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से 2018 तक भाजपा सरकार ने राजनीतिक लाभ लेने के लिए शिविर लगाकर लाखों मजदूरों का पंजीकरण किया था, जिसमें से अधिकतर फर्जी साबित हो रहे हैं।
श्रमिक नेताओं ने कहा कि अगर सरकार ने तुरंत लाभ बहाल नहीं किए और फर्जीवाड़े की जड़ तक जांच नहीं की तो संघर्ष और तेज होगा। उन्होंने कहा कि 17 व 18 जनवरी को भिवानी में कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी के आवास पर हजारों निर्माण मजदूरों का विशाल महापड़ाव होगा और मजदूर एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करेंगे।
बैठक में सुखबीर, हवा सिंह, सोमबीर, नरेश, संजय, कुलदीप, कृष्ण कुमार, अली मोहम्मद, कृष्ण आदि मौजूद रहे।