फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: नशेडि़यों पर नहीं गई दृश्यता टीम की नजर बदहाल पार्क में जाम छलकते रहे दिनभर

Sat, 10 Jun 2023 12:58 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
विज्ञापन
दृश्यता अभियान के तहत शहर में गश्त करते पुलिसकर्मी।
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन


चरखी दादरी।पुलिस ने शुक्रवार को शहर में करीब 6 घंटे तक सुरक्षा व्यवस्था और अपराधियों की तलाश में दृश्यता अभियान चलाया। इस दौरान नगर परिषद के बदहाल तिकोना पार्क में बैठे नशेडि़यों पर पुलिस की नजर नहीं गई। बदहाल पार्क नशेडि़यों का अड्डा बना हुआ है। दिन हो या रात, हर समय यहां जाम छलकते रहते हैं।

गौर करने वाली बात यह है कि इस पार्क के साथ से गुजरने वाले रोड पर काफी सारे शिक्षण संस्थान बने हैं। स्कूल और कॉलेजों में आते-जाते समय यहां से गुजरने वालीं छात्राओं को परेशानियों से दो-चार होना पड़ता है। दूसरी ओर पार्क में बैठने वाले नशेडि़यों के खिलाफ नगर परिषद अधिकारी एक्शन ले रहे हैं और न ही पुलिस विभाग।
विज्ञापन


दरअसल, तिकोना पार्क शहर के पुराने पार्कों में से एक है। लंबे समय से यह नगर परिषद की उपेक्षा का शिकार है। आलम ये है कि पार्क से हरियाली गायब है, जबकि लोहे के बेंच भी टूट चुके हैं। इसके अलावा यहां फुटपाथ भी जर्जर है। संवाददाता ने पार्क का जायजा लिया तो यहां बैठकर कुछ लोग दिन के समय ही शराब गटकते मिले। उनकी नजर जब कैमरे पर पड़ी तो वो अपनी बोतल हाथ में उठाकर वहां से खिसकते नजर आए। पार्क के समीप के दुकानदारों ने बताया कि पार्क में सुबह से शाम तक लोग शराब पीते रहते हैं। दिन ढलने पर नशेडि़यों की संख्या बढ़ जाती है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि अगर पुलिस अपना डंडा चलाए तो यहां शराब पीने वाले नजर न आएं।

बता दें कि कॉलेज रोड स्थित शिक्षण संस्थानों की छात्राएं और विद्यार्थी तिकोना पार्क के समीप से गुजरते हैं। इसके अलावा दिन के समय यहां से महिलाओं का भी आवागमन रहता है। पार्क नशेडि़यों का अड्डा बनने से महिलाएं व छात्राएं यहां से गुजरते समय ज्यादा असहज महसूस करती हैं। दूसरी ओर स्थानीय दुकानदारों ने नगर परिषद अधिकारियों से भी पार्क की दशा सुधारने की मांग की है।
दस स्कूल व कॉलेज बने हैं मुख्य मार्ग पर

शहर के तिकोना पार्क से जुड़े महेंद्रगढ़ रोड पर एपीजे स्कूल, जनता महाविद्यालय, मुरारीलाल रासीवासिया आयुर्वेदिक कॉलेज, केएम कॉलेज, एपीजे महिला सरस्वती कॉलेज, डीआरके स्कूल, परसराम हेतराम स्कूल, जेडीकेडीएस स्कूल, बीएड कॉलेज आदि शिक्षण संस्थाएं बनी हुई हैं। शहर व आसपास के क्षेत्रों से आने वालीं छात्राएं इसी मार्ग से गुजरती हैं।
पुलिस चौकी खोलने की उठी मांग

व्यापार मंडल के उप प्रधान संदीप फौगाट, बलराम गुप्ता, राजेश सोनी, विपिन सिंगल, मनोज कुमार, जयभगवान शर्मा व राजेश जांगड़ा ने बताया कि सभी मुख्य शिक्षण संस्थाएं इसी रोड पर बनी हुई हैं। दिनभर यहां तीन हजार से अधिक राहगीर व विद्यार्थी गुजरते हैं, लेकिन पार्क में बढ़ रहे नशेड़ियों के जमावड़े के कारण छात्राओं का यहां से गुजरना दूभर बना हुआ है। उन्होंने यहां पर फिर से पुलिस चौकी खोलने की मांग की है।
विज्ञापन

6 घंटे तक पुलिस ने अपराधियों को तलाशा
चरखी दादरी। जिला पुलिस ने शुक्रवार को दृश्यता अभियान चलाया। इसके तहत पुलिस टीमों ने सार्वजनिक स्थानों की जांच के साथ बाजार में पैदल गश्त की।

अपराधियों की तलाश में विशेष नाके लगा वहां से गुजरने वाले वाहनों की जांच की गई। पुलिस प्रवक्ता पवन कुमार ने बताया कि एसपी नितिका गहलोत के निर्देश पर सुबह नौ से दोपहर बाद तीन बजे तक यह अभियान चलाया गया। संवाद
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें