चरखी दादरी। जिले में ओवरलोड वाहनों पर शिकंजा कसने के लिए जहां आरटीए टीम लगातार चालान काट रही है, वहीं इंफोर्समेंट टीम मामले में लीपापोती कर रही है। जुलाई माह में दोनों विभागों की कार्रवाई में काफी अंतर रहा। आरटीए टीम ने जहां जुलाई माह में 322 चालान काट 85 लाख रुपये जुर्माना लगाया, वहीं इंफोर्समेंट (प्रवर्तन) टीम इसी अवधि में मात्र 5 चालान कर सवा दो लाख रुपये ही जुर्माना लगा पाई है।
बता दें कि जिले में स्थित पहाड़ों में खनन कार्य होता है। ऐसे में खनन क्षेत्रों से रोजाना हजारों की संख्या में डंपर भवन निर्माण सामग्री लेकर निकलते हैं। इन डंपर में चालक ज्यादा मुनाफे के चक्कर में तय सीमा से ज्यादा सामग्री लेकर चलते हैं। इनमें से ज्यादातर डंपर दिल्ली, पानीपत, रोहतक, सोनीपत, गुरुग्राम की तरफ जाते हैं। इन ओवरलोड डंपर के कारण सड़कों को नुकसान पहुंचता है, वहीं प्रदेश सरकार को राजस्व की चपत लगती है।
ऐसे में इन ओवरलोड डंपरों पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन ने इंफोर्समेंट टीम (प्रवर्तन) को भी चालान करने की पावर दी हुई है। लेकिन अगर हम आरटीए टीम और इंफोर्समेंट टीम की मेंं कार्रवाई का काफी अंतर है। आरटीए टीम ने ज्यादा चालान काटने के साथ 20 ओवरलोड वाहन के चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस भी रद्द कर दिए।
आरटीए टीम 5 दिन में कर चुकी 53 चालान
आरटीए टीम 1 से 5 अगस्त तक सड़कों पर दौड़ रहे 53 ओवरलोड वाहनों के चालान कर 21 लाख 17 हजार रुपये का जुर्माना लगा चुकी है। फिलहाल आरटीए टीम की नजर केवल ओवरलोड वाहनों पर अंकुश लगाने पर टिकी हुई है। आरटीए टीम ने पिछले 36 दिनों के दौरान 375 ओवरलोड वाहनों के चालान कर 1 करोड़ 6 लाख 17 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।
पिछले 6 माह में 61 सड़क हादसों में 43 लोगों की गई जान
ओवरलोड वाहनों के कारण जिले में हादसों में भी बढ़ोतरी हो रही है। जिले में जनवरी से लेकर 30 जून तक 152 डी, 334बी पर भारी वाहनों के कारण 61 सड़क हादसे हुए। इन हादसों में जहां 43 लोगों ने अपनी जान गवाई, वहीं 73 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। अधिकतर हादसों का कारण ओवरलोड वाहन थे। लगातार हो रहे हादसों पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ओवरलोड वाहनों पर लगातार सख्ती बरत रहा है।
टीम शहर से गुजरने वाले हर ओवरलोड वाहन पर कड़ी नजर रखे हुए है। टीम ने पिछले 36 दिनों में 375 वाहनों के चालान कर एक करोड़ से अधिक का जुर्माना लगाया है। इसके अलावा 20 चालकों के लाइसेंस भी रद्द किए हैं। ओवरलोड वाहन जहां हादसों का कारण बन रहे हैं वहीं जिले की सड़कों को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं। -बलबीर सिंह, सहायक सचिव आरटीए, चरखी दादरी।