बैठक में लंबित शिकायतों की स्थिति की समीक्षा करते उपायुक्त। विज्ञप्ति
चरखी दादरी। उपायुक्त डॉ. मुनीश नागपाल ने शुक्रवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर समाधान शिविर, सीएम विंडो, एसएमजीटी पोर्टल और जनसंवाद पोर्टल पर लंबित शिकायतों की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समाधान समयबद्ध, पारदर्शी और संतोषजनक तरीके से किया जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उपायुक्त ने कहा कि किसी भी शिकायत को बिना ठोस आधार के रिजेक्ट न किया जाए और हर मामले में उचित जांच व कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि शिकायतों के निपटान में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी, इसलिए अधिकारी मामले की गंभीरता को समझते हुए संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।
बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में वर्तमान में केवल 8 प्रतिशत शिकायतें ही लंबित हैं, जो कि प्रदेश में बेहतर प्रदर्शन की श्रेणी में आता है। उपायुक्त ने कहा कि इस प्रतिशत को और कम करने के लिए सभी विभाग प्रतिदिन पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की समीक्षा करें और लंबित मामलों का जल्द निपटान करें।
उन्होंने कहा कि पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की एंट्री सटीक और वास्तविक स्थिति के अनुरूप होनी चाहिए, ताकि मुख्यालय स्तर पर दोबारा खुलने की स्थिति उत्पन्न न हो। हर अधिकारी अपने विभाग से संबंधित सभी लंबित मामलों की अद्यतन जानकारी रखें और समाधान की प्रगति पर नियमित निगरानी रखें।
डॉ. नागपाल ने बताया कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी स्वयं समाधान शिविर, सीएम विंडो, एसएमजीटी पोर्टल और जनसंवाद पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की निगरानी कर रहे हैं तथा मुख्यमंत्री कार्यालय स्तर पर जिला स्तरीय समीक्षा की जा रही है। ऐसे में अधिकारियों को पूरी गंभीरता से कार्य करते हुए जन समस्याओं का समय पर समाधान करना जरूरी है।