बैठक में उपस्थित विभिन्न विभागों के अधिकारी।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। जिला खनिज फंड के तहत विकास कार्यों के लिए विभिन्न विभागों को जारी की गई राशि का उपयोगिता प्रमाण पत्र तुरंत खनन विभाग को उपलब्ध करवा दें। अगर किसी विभाग ने राशि खर्च नहीं की है तो ब्याज सहित उसे वापस करें।
उपायुक्त मनदीप कौर ने जिला खनिज फंड की राशि की उपयोगिता की समीक्षा करते हुए यह निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्य रूप से जिला परिषद, लोक निर्माण विभाग, पंचायती राज और बीडीपीओ के पास राशि उपलब्ध कराई गई थी ताकि जरूरत के अनुसार विकास कार्यों को करवाया जा सके। सभी विभाग सुनिश्चित करें कि जो काम पूरे हो चुके हैं उनकी उपयोगिता का प्रमाण पत्र तुरंत खनन विभाग को दें।
अगर कोई काम शुरू नहीं किया गया है या फिर राशि खर्च नहीं की गई है तो बची हुई राशि को ब्याज सहित तुरंत वापस कर दें। उन्होंने कहा कि जो काम करवाए गए हैं उनकी जियो टैग के साथ फोटो भी उपलब्ध करवाएं और फोटो के पीछे उस काम का ब्योरा, राशि व काम करवाने वाले अधिकारी के हस्ताक्षर जरूर हों। उन्होंने कहा कि जिला खनिज फंड के तहत विभिन्न विभागों के माध्यम से करवाए गए कामों को संबंधित एसडीएम चेक करें और उसकी रिपोर्ट तैयार कर उपायुक्त कार्यालय में भेजें। साथ ही संबंधित बीडीपीओ भी करवाए गए कार्यों की समीक्षा करके रिपोर्ट दे।
उन्होंने कहा कि समिति की अगली बैठक में नए एजेंडे के हिसाब से नए कामों की स्वीकृति ली जाएगी और उस स्वीकृति के अनुसार ही कामों को लेकर विभागों को राशि उपलब्ध करवाई जाएगी।
अगली बैठक से पहले संबंधित विभाग अपनी मांग के अनुसार कामों की फिजिबिलिटी चेक कर लें। बैठक में एसडीएम डाॅ. विरेंद्र सिंह, सीटीएम सुरेश कुमार व बाढड़ा एसडीएम आशीष सांगवान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।