चरखी दादरी। भारतीय सेना में भर्ती के लिए आयोजित होने वाले कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (सीईई) 2026 की तारीख घोषित कर दी गई है। यह परीक्षा 1 जून से 12 जून के बीच देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जाएगी।
चरखी दादरी सेना भर्ती कार्यालय के भर्ती निदेशक कर्नल के संदीप ने जानकारी देते हुए ने बताया कि सभी अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड 15 मई को भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट ज्वाइनइंडियनआर्मी.एनआईसी.आईएन पर अपलोड कर दिए गए हैं। उम्मीदवार अपने एडमिट कार्ड वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षा केंद्र से संबंधित सभी आवश्यक जानकारी एडमिट कार्ड पर उपलब्ध कराई गई है।
उन्होंने सभी उम्मीदवारों से अपील की है कि वे एडमिट कार्ड पर दिए गए सभी निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें और उनका पूर्ण रूप से पालन करें। परीक्षा के लिए रिपोर्टिंग समय तथा गेट बंद होने का समय भी एडमिट कार्ड पर स्पष्ट रूप से अंकित किया गया है। इसलिए अभ्यर्थी समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचना सुनिश्चित करें। यदि किसी उम्मीदवार को एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में किसी प्रकार की समस्या आती है, तो वह सेना भर्ती कार्यालय चरखी दादरी में आकर संपर्क कर सकता हैं और अपनी समस्या का समाधान करवा सकता है।