फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: 5 करोड़ से सुधरेगी 109 साल पुराने स्कूल भवन की दशा, 14 कमरें और सात लैब बनेंगी नई

Sun, 02 Jul 2023 11:42 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
विज्ञापन
सरदार झाडू सिंह चौक के समीप स्थित मॉडल संस्कृति स्कूल परिसर में भरा पानी।
विज्ञापन
चरखी दादरी। 109 वर्ष पुराने शहीद दलबीर सिंह राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल के हालात जल्द सुधरने वाले हैं। इसके लिए शिक्षा विभाग स्कूल भवन की दशा सुधारने व सुविधाओं का दायरा बढ़ाने पर 5 करोड़ रुपये खर्च करेगा। इसके तहत यहां 14 कमरें, सात लैब, प्राचार्य कक्ष व स्टोर बनाए जाएंगे। इस राशि से स्कूल परिसर में होने वाली जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान भी किया जाएगा। जिम्मेदारों का दावा है कि दो माह में सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली जाएंगी।
विज्ञापन

बता दें कि शहीद दलबीर सिंह राजकीय स्कूल का निर्माण 1914 में करवाया गया था और यह विरासत में शामिल है। दो साल पहले सरकार ने इस स्कूल को मॉडल संस्कृति स्कूल का दर्जा दिया था। इसके बाद से यहां व्याप्त खामियों को दूर कराने की दरकार महसूस हो रही है। इसे देखते हुए शिक्षा विभाग निदेशक की ओर से भवन के जीर्णोद्धार के लिए पत्र भेजकर संभावित लागत का विवरण मांगा गया था। इसके बाद पीडब्ल्यूडी की मार्फत पांच करोड़ का एस्टीमेट तैयार करवाकर शिक्षा विभाग की ओर से मुख्यालय भेजा गया है। जल्द ही इस एस्टीमेट पर स्वीकृति मिलने की उम्मीद है।
छह एकड़ में बने इस भवन में ही जिला शिक्षा अधिकारी, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा परियोजना अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी सहित विभाग के अन्य कार्यालय भी संचालित हैं। यहां बने 7 ब्लॉक में कुल 35 कमरे हैं जबकि मौजूदा सत्र में यहां 750 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। विभाग द्वारा तैयार योजना धरातल पर सिरे चढ़ने के बाद न केवल समस्याओं का समाधान होगा, बल्कि यहां विद्यार्थियों को मिलने वालीं सुविधाओं में भी इजाफा होगा। जलभराव के समाधान के लिए नए भवन की ऊंचाई करीब 4 फुट रखी जाएगी।
विज्ञापन


- यह बनी है योजना
स्कूल प्रशासन द्वारा भेजे गए एस्टीमेट के आधार पर स्कूल परिसर में 14 नए कमरों का निर्माण किया जाएगा। साथ ही सात लैब भी बनाई जाएंगी जिसके माध्यम से विद्यार्थियों के कौशल में और अधिक निखार आएगा। इसके साथ ही प्राचार्य कक्ष व स्टोर रूम भी बनाए जाएंगे। अधिकारियों का दावा है कि काम पूरा होने के बाद स्कूल परिसर में जलभराव की समस्या का भी स्थायी समाधान भी हो पाएगा। शिक्षा निदेशालय से बजट मंजूर होने के बाद टेंडर किए जाएंगे। इसके बाद लोक निर्माण विभाग की ओर से ये काम करवाया जाएगा।

- डिप्टी सीएम के आदेश के बाद भी हुआ जलभराव
शहीद दलबीर सिंह राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल में पिछले 5 सालों से हर बार ढाई से तीन फुट पानी भरता है। पानी क्लासरूम तक पहुंच जाता है और डेढ़ से दो माह तक पानी की निकासी नहीं हो पाती। इस समस्या पर उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला स्वयं संज्ञान लेकर यहां का दौरा कर चुके हैं। गत वर्ष उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इस समस्या का स्थायी समाधान करने के निर्देश दिए थे, लेकिन हालात अभी भी पहले जैसी बने हैं। इस बार भी स्कूल परिसर में दो से ढाई फुट पानी भरा हुआ है।



प्रदेश सरकार ने स्कूल परिसर में नए भवन निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपये का एस्टीमेट भेजा है। उम्मीद है कि दो माह के अंदर सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली जाएंगी। नया भवन तैयार होने के बाद विद्यार्थियों के साथ-साथ स्कूल प्रशासन को भी पर्याप्त जगह होने से राहत मिलेगी। नए भवन में विद्यार्थियों के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
विज्ञापन


- सुरेश यादव, प्राचार्य, शहीद दलबीर सिंह राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल, चरखी दादरी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें