चरखी दादरी। जल शक्ति जन भागीदार अभियान के तहत शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रिव्यू बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग अग्रवाल ने की। उन्होंने बैठक में जिला उपायुक्त को जल संरक्षण को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के बाद उपायुक्त डॉ. मुनीश नागपाल ने अभियान से जुड़े अधिकारियों की समीक्षा बैठक को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जल शक्ति-जन भागीदारी अभियान के तहत निर्धारित लक्ष्यों को हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कार्य 31 मई से पहले पूरे होने चाहिए। अभियान की प्रगति रिपोर्ट हर रोज उपायुक्त कार्यालय में भेजी जानी सुनिश्चित की जाए।
जिले में जल संचय को लेकर किए गए सभी कार्यों की फोटो सहित विस्तृत रिपोर्ट भारत सरकार के पोर्टल पर समयबद्ध अपलोड करना सुनिश्चित करें। उन्होंने ग्राम पंचायतों और आमजन से जल संचयन एवं संरक्षण के कार्यों में सक्रिय सहयोग की अपील भी की। उन्होंने कहा कि जल शक्ति अभियान को जन भागीदारी अभियान रूप देना जरूरी है ताकि इसके स्थायी और सकारात्मक परिणाम सामने आ सकें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जल संरक्षण, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, पारंपरिक जल स्रोतों के नवीनीकरण, वाटरशेड विकास व रीयूज एवं रिचार्ज संरचनाओं के निर्माण से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। इन प्रयासों से जहां भूजल स्तर में सुधार होगा, वहीं सिंचाई सुविधाओं में वृद्धि और पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।