स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करते हुए सिविल सर्जन डॉ. नरेश कुमार।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से सिविल सर्जन डॉ. नरेश कुमार ने शनिवार को तीन स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। जिनमें कस्बा बौंद कलां स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गांव सांवड़ स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तथा गांव हिंडोल स्थित उप-स्वास्थ्य केंद्र शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्रों में व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता, स्टाफ की उपस्थिति तथा मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कस्बा बौंद कलां सीएचसी में आठ, सांवड़ पीएचसी में एक तथा हिंडोल उप-स्वास्थ्य केंद्र में एक कर्मचारी बगैर पूर्व सूचना के अनुपस्थित मिले। जिस पर सिविल सर्जन ने संबंधित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं व ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
सिविल सर्जन डॉ. नरेश कुमार ने निरीक्षण के दौरान मरीजों से भी बात की। उन्होंने मरीजों से स्वास्थ्य केंद्रों में मिल रही सुविधाओं के बारे में चर्चा की। उन्होंने केंद्रों पर आए मरीजों की जांच भी की और उन्हें परामर्श भी दिया।
वर्सन :
जिले के स्वास्थ्य केंद्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए नियमित निरीक्षण किए जा रहे हैं। जहां भी किसी प्रकार की कमी सामने आती है, उसे तत्काल दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। विभाग का दायित्व केवल उपचार प्रदान करना नहीं, बल्कि मरीजों को सम्मानजनक और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना भी है। डॉ. नरेश कुमार, सिविल सर्जन, दादरी।