चरखी दादरी। शहर के सबसे पुराने बाजार हीरा चौक के हालात काफी दयनीय बने हुए हैं। वहीं शहर के सबसे पुराने और प्रमुख बाजारों में शुमार हीरा चौक आज भी उपेक्षा का दंश झेल रहा है। इस ऐतिहासिक बाजार के 80 से अधिक दुकानदार पिछले लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं की बाट जोह रहे हैं। लेकिन प्रशासन की बेरुखी के कारण उनकी समस्याएं कम होने का नाम नहीं ले रही हैं।
गौरतलब है कि शहर में सबसे पुराने बाजार में शुमार हीरा चौक क्षेत्र में पिछले लंबे समय से उपेक्षा का शिकार बना हुआ है। बाजार में दुकानदारों और ग्राहकों के लिए मूलभूत सुविधाएं नहीं होने से लोगों को परेशानियों का दंश झेलना पड़ रहा है। सबसे बड़ी समस्या पार्किंग की है।
बाजार में जगह की कमी और सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था न होने के कारण ग्राहकों को अपने वाहन सड़क पर ही खड़े करने पड़ते हैं। इससे आए दिन गुजरने वाले अन्य वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसका सीधा असर दुकानदारों के व्यापार पर पड़ता है।
वहीं, बाजार में आने वाले ग्राहकों, विशेषकर महिलाओं और बुजुर्गों के लिए सार्वजनिक शौचालय तक की सुविधा नहीं है। मजबूरन लोगों को खुले में जाने या आसपास के निजी प्रतिष्ठानों का रुख करना पड़ता है, जो शहर की स्वच्छता छवि के लिए भी एक बड़ा प्रश्नचिह्न लग रहा है। वहीं दुकानदारों का कहना है कि सप्लाई में आने वाला पानी पहले 10 मिनट तक दुर्गंध युक्त होता है, इसके बाद ही साफ पानी की सप्लाई होती है।
शहर में बिछाई गई पेयजल की पाइपलाइनें पुरानी होने और सीवरेज के साथ मिलने के कारण लोगों को बदबूदार और दूषित पानी की सप्लाई हो रही है। बाजार में कई सालों से पेयजल की नई लाइनें बिछाने की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला है। सप्लाई में आने वाले पानी का प्रयोग केवल घरेलू जरूरतें पूरी करने के लिए किया जाता है।
-अशोक कुमार, स्थानीय दुकानदार
सबसे पुराने बाजार में सार्वजनिक शौचालय नहीं होने से दुकानदारों और खरीदारी करने आए ग्राहकों को अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। विशेषकर महिलाओं को कई बार जगह नहीं मिलने के कारण निजी दुकानों में बने शौचालयों का प्रयोग करना पड़ रहा है। नगर परिषद को चाहिए कि वह हीरा चौक क्षेत्र में भी सार्वजनिक शौचालय का निर्माण करवाए।
-दीपक नांगवान, स्थानीय दुकानदार
हीरा चौक शहर का पुराना केंद्र है लेकिन आज इसे उपेक्षित छोड़ दिया गया है। बाजार में कारोबारियों के लिए कोई भी सुविधा नहीं दी गई है। स्थानीय दुकानदार बाजार में मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर कई बार नगर परिषद के अधिकारियों से मिल चुके हैं लेकिन लंबा समय गुजर जाने के बाद भी वंचित रखा जा रहा है।
-महेंद्र सैनी, स्थानीय दुकानदार
बाजार में पार्किंग की सुविधा नहीं होने से सड़क के बीच बेतरतीब ढंग से वाहनों को पार्क कर खरीदारी के लिए चले जाते हैं। इस कारण बाजार में जाम जैसे हालात बन जाते हैं। जो दुकानदारों के कारोबार को प्रभावित करने का काम करते हैं। वहीं बाजार में पहले की तरह पुलिस कर्मचारियों की तैनाती होनी चाहिए ताकि बाजार में दहशत का माहौल नहीं पनपे।
-राजकुमार, स्थानीय दुकानदार।
हीरा चौक में सार्वजनिक शौचालय बनाने के लिए उपयुक्त जगह की तलाश जारी है, जगह मिलने के बाद बाजार में सार्वजनिक शौचालय व पार्किंग बनवाने का काम पूरा करवा दिया जाएगा। स्थानीय दुकानदारों और ग्राहकों को परेशान नहीं होने देंगे।
-बक्शीराम सैनी, चेयरमैन, नगर परिषद।