हरियाणा के चरखी दादरी क्षेत्र के एक गांव में फेरों से पहले वर पक्ष की ओर से दहेज की मांग करने का मामला सामने आया है। इस मांग से खफा दुल्हन ने शादी करने से इन्कार कर दिया। वहीं, दुल्हन पक्ष के लोगों और ग्रामीणों ने बरात को रातभर बैठाए रखा और बुधवार दोपहर बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। हालांकि बावजूद इसके दूल्हे को बिन फेरे लिए बरात के साथ बैरंग लौटना पड़ा। दूसरी ओर दुल्हन पक्ष के लोगों ने मौके पर पहुंची पुलिस टीम को मामले में शिकायत देने से इन्कार कर दिया।
जानकारी के अनुसार दादरी जिले के एक गांव में मंगलवार रात करीब दस बजे फतेहाबाद के एक गांव से बरात आई थी। बताया जा रहा है कि दूल्हा सैनिक है और फेरों से पहले वर पक्ष की ओर से दहेज की मांग की गई। यह बात जब दुल्हन को पता चली तो उसने फेरे लेने से इन्कार कर दिया।
वहीं, आयोजन में शरीक रिश्तेदार भी मांग सुनकर अचंभित रह गए। दुल्हन के शादी से इन्कार करने पर शादी की रस्में रुक गईं। बताया जा रहा है कि बरात में करीब 50 लोग शामिल थे और दुल्हन पक्ष के लोगों ने दूल्हे समेत पूरी बरात को वहीं बैठा लिया।
देर रात मामले की जानकारी मिलने के बाद सदर थाना पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। उस दौरान दुल्हन पक्ष के लोगों ने राजीनामा करने की बात कहते हुए शिकायत देने से इन्कार कर दिया। इसके बाद पुलिस टीम लौट आई। बुधवार को शादी में हुए खर्च का भुगतान होने पर दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया और इसके बाद बरात लौट गई।
रातभर नहीं सोया पूरा गांव
यह मामला सामने आने के बाद दुल्हन के घर गांव के मौजिज लोग पहुंच गए। उन्होंने सबसे पहले मामले को निपटवाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। हालांकि गांव वाले दुल्हन के पक्ष में खड़े हो गए। बताया जा रहा है कि दुल्हन के पिता की मौत हो चुकी है और इसके चलते भी गांव को काफी सहानुभूति रही। रातभर ग्रामीण नहीं सोए और दुल्हन के परिजनों के पक्ष में खड़े रहे।
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। उस दौरान दुल्हन पक्ष के लोगों ने समझौते की बात कहते हुए शिकायत देने से इन्कार कर दिया। इसके बाद पुलिस टीम लौट आई।
-संदीप पिलानिया, एएसआई, चरखी दादरी सदर थाना