रेवाड़ी-गंगानगर ट्रेन में शुक्रवार दोपहर एक लावारिस बैग में बच्चे का शव मिला है। दादरी जीआरपी ने शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। देर रात तक बच्चे की शनाख्त के प्रयास जारी थे। पुलिस ने इस संबंध में हत्या का केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रेवाड़ी-गंगानगर ट्रेन दोपहर 2:10 बजे दादरी रेलवे स्टेशन पर पहुंची थी। इसमें सवार यात्रियों ने जीआरपी चौकी में सूचना दी कि ट्रेन में काफी देर से एक लावारिस पिट्ठू बैग रखा हुआ है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ट्रेन में पहुंची और बैग को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने जब बैग की चेन खोली तो इसमें से करीब तीन वर्षीय बच्चे का शव मिला। इससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। रेलवे पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया और ट्रेन को रवाना कर दिया।
जीआरपी चौकी इंचार्ज एसआई कृष्ण कुमार ने बताया कि अभी बच्चे के शव की शनाख्त नहीं हो पाई है और इसके लिए प्रयास जारी हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में हत्या का केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। शरीर पर चोट के निशान नहीं हैं इसलिए पोस्टमार्टम के बाद स्थिति स्पष्ट होगी कि बच्चे की हत्या कैसे की गई है। शनिवार सुबह शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
पीली-संतरी रंग की टी शर्ट और नीली निकर पहनी थी बच्चे ने
बैग में जिस बच्चे का शव मिला है, वो आधी बाजू की पीली और संतरी रंग की टी शर्ट और नीली जींस की निकर पहने है। पुलिस इसकी जांच कर रही है कि पिट्ठू बैग में बच्चे के शव को रखकर किसने ट्रेन में छोड़ा।