चरखी दादरी। शहर के रोहतक रोड रेलवे फाटक पर 78 करोड़ की लागत से बनने वाले आरओबी का कार्य सीमेंट की खेप नहीं पहुंचने के कारण पांच दिनों से बंद पड़ा है। संबंधित एजेंसी की ओर से आरओबी निर्माण में देरी होने के कारण वाहन चालकों को सुविधा के लिए लंबा इंतजार करना पड़ सकता है। वहीं, लोगों ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से आरओबी निर्माण कार्य जल्द शुरू करवाने की मांग की है।
बता दें कि वाहन चालकों को बार-बार रेलवे फाटक बंद होने से बनने वाली परेशानी से निजात दिलवाने के लिए अक्तूबर 2024 में रोहतक रोड रेलवे फाटक पर आरओबी का निर्माण कार्य शुरू करवाया गया था। इससे पहले बिजली निगम, वन विभाग और जनस्वास्थ्य विभाग से एनओसी न मिलने के कारण आरओबी निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका। करीब दो माह पहले ही विभाग ने एजेंसी की मार्फत काम शुरू कराया था।
सूत्रों की मानें तो अब भी काम बंद है और इसका कारण एजेंसी के पास सीमेंट समाप्त होना है। पिछले 5 दिनों से काम आगे नहीं बढ़ पा रहा है। अगर इसी तरह इस परियोजना को पूरी करने में देरी हुई तो फिर वाहन चालकों का परेशानियां झेलना तय है।
- 78 करोड़ आएगी लागत
रोहतक रोड रेलवे फाटक पर बनने वाले 940 मीटर लंबे रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण पर 78 करोड़ रुपये की लागत आएगी। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों का कहना है कि वाहन चालकों की सुविधा के लिए आरओबी को फोरलेन बनाया जाएगा। वहीं, इसके दोनों तरफ फुटपाथ भी बनेगा। सड़क की चौड़ाई 7.5 और फुटपाथ की 1.5 मीटर होगी।
-60 मीटर के हिस्से में रेलवे कराएगा काम
शहर में बनने वाले तीसरे आरओबी का 880 मीटर लंबाई में निर्माण लोक निर्माण विभाग करवाएगा जबकि 60 मीटर की दूरी में काम रेलवे की ओर से कराया जाएगा। लोक निर्माण विभाग की काम पूरा होने के बाद रेलवे काम शुरू करेगा। आरओबी निर्माण कार्य लोक निर्माण विभाग करवाएगा। रेलवे लाइनों के ऊपर 60 मीटर का काम रेलवे विभाग की ओर से करवाया जाएगा।
सबसे बड़ी बाधा तो पाइप लाइनों के बदलने और बाधित बने पेड़ों की कटाई नहीं होने से बनी हुई है। संबंधित एजेंसी ने सीमेंट के ऑर्डर दिए हुए हैं और एक-दो दिन में सीमेंट की खेप पहुंच जाएगी। बारिश के चलते भी सीमेंट का कोई काम नहीं होता।
-दीपक कुमार, जेई, लोक निर्माण विभाग