चरखी दादरी। ऑनलाइन शॉपिंग की आड़ में सांवड़ निवासी महिला से 69 हजार रुपये ठगने के आरोपी को दादरी साइबर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी निरंजन कुमार बिहार के नवादा जिला के गांव दर्शनबिधा का रहने वाला है और सोमवार को उसे कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायालय के आदेश अनुसार जेल भेज दिया।
पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने बताया कि सांवड़ निवासी अमित ने एक मार्च को साइबर थाना पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता ने बताया था कि उसकी बहन अंजू रानी ने फ्लिपकार्ट पर एक साड़ी का ऑर्डर किया था, जिसकी ऑनलाइन कीमत 999 रुपये व कैश ऑन डिलीवरी 1012 रुपये थी। यह ऑर्डर फ्लिपकार्ट की ओर से रद्द किया जा चुका था।
शिकायतकर्ता ने बताया था गुवाहटी घूमने गई उसकी बहन अंजू के पास कॉल आई और साड़ी का ऑर्डर डिलीवर करने की बात कही। इसके बाद क्यूआर कोड भेजकर अंजू से विभिन्न ट्रांजेक्शन के जरिये साइबर ठग ने करीब 69 हजार रुपये अपने खातों में डलवा लिए। प्रवक्ता ने बताया कि अमित की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज करते हुए जांच शुरू की थी। हेड कांस्टेबल राजपाल की अगुवाई में गठित टीम ने आरोपी को काबू कर वारदात सुलझा दी है।