चरखी दादरी। सरसों खरीद के लिए हैंडलिंग एजेंट का पेच सुलझने के बाद सोमवार को दादरी मंडी में भारी मात्रा में आवक पहुंची। सोसायटी अधिकारियों के अनुसार 100 से अधिक किसान दस हजार क्विंटल सरसों लेकर मंडी आए। इसमें से 1762 क्विंटल की ही खरीद हो पाई। दूसरी ओर सोमवार को आवक न होने के चलते गेहूं की खरीद नहीं हो पाई।
सरसों बेचने के लिए सुबह 7 बजे ही किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर मंडी पहुंचना शुरू हो गए। सुबह 10 बजे तक मंडी के बाहर सड़क के दोनों तरफ ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की एक किलोमीटर लंबी कतार लग गई। किसानों को सरसों बेचने के लिए तीन से चार घंटे का इंतजार करना पड़ा। सुबह करीब 11 बजे खरीद शुरू हो पाई।
खरीद की व्यवस्थाओं में खामियों को लेकर जताया रोष
दूसरी ओर किसानों ने खरीद की व्यवस्थाओं में खामियों को लेकर रोष जताया। उन्होंने जिला प्रशासन से खरीद के प्रबंध और पुख्ता करवाने की मांग की। किसान मोहन, रमेश, संदीप, दिलबाग और रोहताश ने बताया कि तीन से चार घंटे का समय सरसों खरीदने में लगाया जा रहा है और तब तक किसानों के पास बैठने के लिए ट्रैक्टर के अलावा दूसरा विकल्प नहीं है। उन्होंने कहा कि खरीद जल्द होनी चाहिए ताकि किसानों को मंडी में घंटों इंतजार न करना पड़े।
ढेरियों की सफाई न होना धीमी खरीद का कारण
दी जमींदारा सोसायटी पदाधिकारियों की मानें तो सरसों की ढेरिया साफ करने के पुख्ता प्रबंध आढ़तियों और हैंडलिंग एजेंट के पास नहीं है। सोसायटी सरसों की साफ ढेरी ही खरीदेगी। उन्होंने बताया कि सरसों की ढेरी में सफाई के लिए पंखे होने जरूरी है, लेकिन सोमवार को पूरी मंडी में पंखों की कमी रही और धीमी खरीद का ये ही कारण रहा।
किसान बोले- व्यवस्थाओं की कमी दे रही परेशानी
- मंडी में सरसों खरीद के लिए व्यवस्थाएं पुख्ता नहीं हैं। इसके चलते किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को चार घंटे इंतजार के बाद सरसों की ढेरी उतारने का नंबर आया।
- सुरेंद्र, मौड़ी
- दादरी मंडी में सरसों खरीद की व्यवस्थाओं में काफी कमी है। प्रशासन को इन व्यवस्थाओं को दुरुस्त करवाना चाहिए, ताकि किसानों को समस्याओं का समाना न करना पड़े और वो समय से फसल बेचकर घर जा सकें।
- विनोद, बलकरा
सोमवार को करीब 10 हजार क्विंटल सरसों की आवक हुई। इसमें से 1762 क्विंटल की खरीद हुई। अब तक दादरी मंडी में 146 किसानों से सरसों खरीदी जा चुकी है।
- ईश्वर सिंह मोर, प्रबंधक, दी जमींदारा कॉपरेटिव सोसायटी
दादरी मंडी में सोमवार को पहले दिन गेहूं की आवक नहीं हुई। खरीद के लिए तैयारियां पूरी हैं।
- परमजीत नांदल, सचिव, मार्केट कमेटी