चरखी दादरी। शिक्षा विभाग में चिराग नीति के विरोध में शिक्षक तालमेल कमेटी के बैनर तले अध्यापक मुख्यमंत्री के नाम उपायुक्त को ज्ञापन सौंपेंगे। शिक्षक तालमेल कमेटी के सदस्य एवं हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ के जिला सचिव कृष्ण सिंह शास्त्री ने बताया कि इसकी रूपरेखा रविवार को बैठक में तैयार की गई।
उन्होंने बताया कि 26 जुलाई को दोपहर बाद तीन बजे सैकड़ों की संख्या में अध्यापक जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में एकत्रित होकर प्रदर्शन करते हुए उपायुक्त को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देंगे। इस दौरान बैठक को संबोधित करते हुए शिक्षक तालमेल कमेटी के संयोजक राजेश कुमार सांगवान ने कहा कि सरकार चिराग योजना, 50 से कम छात्र संख्या वाले विद्यालयों का मर्ज करना, अव्यवहारिक रेशनेलाइजेशन साहित अनेक ऐसी जन शिक्षा विरोधी नीतियां लागू कर रही है जिससे शिक्षा का सार्वजनिक ढांचा बर्बाद हो सकता है। कृष्ण शास्त्री ने कहा कि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों से सुविधा शुल्क के नाम पर फीस लेकर आरटीई एक्ट का उल्लंघन किया जा रहा है। निजी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों को सरकार 500 से 1100 सौ रुपये तक फीस देगी, यह सरासर सरकारी संस्थाओं को निजी हाथों में सौंपने की तैयारी है।
शिक्षक नेता जयवीर सिंह ने कहा कि शिक्षकों के 50 हजार रिक्त पदों को स्थायी भर्ती से तुरंत भरा जाए। बैठक में संजय शास्त्री, अशोक डीपीई, शिवकुमार, जयभगवान, राजवीर रांगी, सत्येंद्र कादयान, जगमिंद्र छिल्लर ने भी अपने विचार रखे। इस अवसर पर वीरेंद्र सिंह, रमेश कुमार, देवेंद्र धनखड़, सुरेश कुमार, अनिल फौगाट, रामपाल सहित सभी अध्यापक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।