कलियाणा क्रशर जोन में टीबी जागरूकता एवं स्वास्यि जांच शिविर लगाने पहुंची टीम।
झोझूकलां। रेडक्रॉस सोसायटी और स्वास्थ्य विभाग की ओर से झोझूकलां खंड के कलियाणा क्रशर जोन में टीबी जागरूकता एवं स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। एसबीईपीएल क्रशर जोन में आयोजित शिविर में श्रमिकों और चालकों की टीबी जांच की गई।
शिविर का आयोजन अंकुश मिगलानी के मार्गदर्शन में किया गया, जिसमें हरियाणा माइनिंग क्रशर एसोसिएशन के प्रधान सोमबीर घसोला ने भाग लिया। उन्होंने इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि समय-समय पर ऐसे शिविरों का आयोजन बेहद आवश्यक है। ताकि, मजदूरों को टीबी जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक किया जा सके और भारत को टीबीमुक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सके।
इस अवसर पर उपस्थित स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने टीबी के लक्षण, बचाव और उपचार के बारे में जानकारी दी। साथ ही, उपस्थित श्रमिकों एवं ग्रामीणों को नि:शुल्क चिकित्सा परामर्श और आवश्यक जांच सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
शिविर के सफल आयोजन पर रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव बलवान सिंह ने क्रशर मालिकों और मजदूरों का आभार जताया। इस अवसर पर विशाल घसोला, जयवीर, नीरज श्योराण, सोनू सांगवान, भीम, साहिल, अमित, सोनू श्योराण, मुकेश, नरेंद्र, प्रीति, सुनील व विकास आदि मौजूद रहे।