चरखी दादरी। अमर उजाला व जिला प्रशासन की ओर से शहर में रविवार सुबह वॉकथॉन का आयोजन किया गया। इसमें 350 से अधिक लोगों ने कदम ताल मिलाकर शहर में जागरुकता रैली निकाली और लोगों को निष्पक्ष व स्वतंत्र होकर मतदान करने का संदेश दिया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि एडीसी एवं स्वीप नोडल अधिकारी डॉ. जयेंद्र छिल्लर ने शिरकत की। विशिष्ठ अतिथि के तौर पर डीएसओ संधुबाला और डीएसपी नरेंद्र कुमार मौजूद रहे।
रविवार को सुबह 6:30 बजे कार्यक्रम की शुरुआत की गई। कार्यक्रम में पहुंचने पर सबसे पहले मुख्य व विशिष्ट अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। एडीसी जयेंद्र छिल्लर ने कार्यक्रम को संबोधित किया और सभी से मतदान करने का आग्रह किया। इसके बाद सभी को निष्पक्ष होकर मतदान करने की शपथ दिलाई गई।
करीब 6:45 पर एडीसी ने शहर के रोजगार्डन से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वॉकथॉन में शामिल लोगों ने दादरीवासियों ने ठाना है, वोट प्रतिशत बढ़ाना है.... जैसे नारे लगाकर मतदाताओं को उत्साह बढ़ाया। रोजगार्डन से शुरू हुई वॉकथॉन परशुराम चौक पहुंची और यहां से वापस यू-टर्न लेकर रोजगार्डन के सामने समापन हुआ।
ये अधिकारी और गण्यमान्य लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में बीईओ राजबाल मलिक, डीएसपी नरेंद्र सिंह, डीएसओ संधू बाला, एशियन स्वर्ण पदक विजेता व कुश्ती कोच विकास सांगवान, भीम अवॉर्डी व पैरा एथलीट कोच ज्ञानेंद्र सिंह, एथलेटिक्स कोच बिजेंद्र सिंह, वॉलीबाल कोच अशोक अहलावत, फुटबाल कोच पूनम, क्रिकेट कोच सन्नी सिंह, खो-खो कोच परविंद्र सिंह, डीप ओलपिंक गोल्ड मेडलिस्ट बैडमिंटन खिलाड़ी महेश सिंहमार मौजूद रहे।
स्वीप टीम के सदस्यों का रहा सहयोग
कार्यक्रम में स्वीप टीम के सदस्यों का सहयोग रहा। कार्यक्रम के संचालन में डॉ. सतीश साहू, वीरेंद्र सिंह, अनिल फौगाट, हरपाल आर्य, सुंदरपाल फौगाट, रविंद्र सिंह, राजीव आरोड़ा, मास्टर सुनील तिवाला, शिक्षा विभाग से प्रदीप कौशिक, कोच गौरव कुमार, कोच कप्तान सिंह, कोच नरेश बलौदा, यूथ अवाॅर्डी ज्योति, जिला बैडमिंटन एसोसिएशन सचिव लोकेश गुप्ता, जगदीश सिंह, राजेश सोनी व संजय शास्त्री का सहयोग रहा।
जितना अधिक होगा मतदान, लोकतंत्र उतना ही होगा मजबूत
चुनाव में प्रत्येक मतदाता को सहभागिता निभानी चाहिए। जितना अधिक मतदान होगा, लोकतंत्र उतना ही मजबूत होगा। वोट डालने का मौका पांच साल में एक बार मिलता है और हमें इस अवसर का पूरा लाभ उठाना चाहिए। - महेश सिंहमार, डीप ओलंपिक (गोल्ड मेडलिस्ट)
मतदान के लिए लोगों में उत्साह होना चाहिए। चाव के साथ लोकतंत्र के पर्व में प्रत्येक मतदाता को सहभागिता निभानी चाहिए। चुनाव के समय जाति-पाति और दलगत सोच से ऊपर उठकर योग्य, शिक्षित व ईमानदार छवि के प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करें। विकास सांगवान, कुश्ती कोच एवं एशियन गोल्ड मेडलिस्ट
एक साथ 2700 अधिकारियों और कर्मचारियों ने ली मतदान की शपथ
चरखी दादरी। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त मनदीप कौर के मार्गदर्शन में जिले के सभी विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों ने स्वीप के तहत एकसाथ अपने-अपने कार्यालयों में शपथ ली।
स्वीप गतिविधि के नोडल अधिकारी एवं अतिरिक्त उपायुक्त डाॅ. जयेंद्र सिंह की देखरेख में विभागों के अधिकारियों ने अपने कर्मचारियों को शपथ दिलाई। यह जिला का अब तक का सबसे बड़ा कार्यक्रम रहा, जिसमें एकसाथ 2700 सरकारी अधिकारियों व कर्मचारियों ने मतदान की शपथ ली। एडीसी ने बताया कि जिला प्रशासन लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए लगातार कार्यक्रम आयोजित करवा रहा है।
फोटो 26
पंचायत विभाग कार्यालय में मतदान की शपथ लेते अधिकारी व कर्मचारी। स्रोत : जनसंपर्क विभाग