दादरी के नागरिक अस्पताल में ऑपरेशन के बाद चिकित्सकीय टीम के साथ सिविल सर्जन।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। आयुष्मान भारत व चिरायु हरियाणा योजना हरियाणा के लाभार्थियों को जरूरत पड़ने पर अब विभिन्न प्रकार की बीमारियों के ऑपरेशन व उपचार के लिए निजी अस्पतालों या दूसरे जिलों में नहीं जाना पड़ेगा। दादरी जिला स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्थानीय नागरिक अस्पताल में ही अब इन योजनाओं के कार्ड धारक मरीजों के घुटना प्रत्यारोपण से लेकर अन्य कई प्रकार की बीमारियों के ऑपरेशन की सुविधा शुरू कर दी गई है। इसी कड़ी में विभाग के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने मंगलवार को कार्ड धारक मरीज का दूरबीन के माध्यम से पित्त की थैली का सफल ऑपरेशन किया। मंगलवार को आयुष्मान कार्ड धारक मरीजों के चार ऑपरेशन किए गए। जिससे मरीजों के साथ-साथ उनके तीमारदारों को भी काफी राहत मिली है।
बता दें कि प्रदेश सरकार की ओर से हाल ही में आयुष्मान भारत व चिरायु हरियाणा योजना के तहत घुटना, कूल्हा प्रत्यारोपण सहित 11 प्रकार की बीमारियों का उपचार केवल सरकारी अस्पतालों तक सीमित कर दिया गया। उसके बाद से इन बीमारियों से ग्रस्त और कार्ड धारक मरीजों को राहत प्रदान करने के लिए दादरी स्वास्थ्य विभाग की ओर से तैयारियां पूरी करते हुए सोमवार से साप्ताहिक सर्जिकल शिविर की शुरूआत की गई है।
साप्ताहिक सर्जिकल शिविर के पहले दिन सोमवार को दादरी के नागरिक अस्पताल में चिकित्सकों ने आयुष्मान कार्ड धारक महिला के घुटने का सफल प्रत्यारोपण किया था। इनके अलावा सोमवार को कुल सात ऑपरेशन किए गए थे। वहीं मंगलवार को चिकित्सकों की टीम ने आयुष्मान कार्ड धारक मरीजों के चार ऑपरेशन किए हैं। साथ ही आंखों से संबंधित चार ऑपरेशन भी किए गए।
दादरी के नागरिक अस्पताल में लगातार स्वास्थ्य सुविधाओं में हो रहे इजाफे के चलते लोगों ने भी राहत की सांस ली है। आयुष्मान भारत व चिरायु हरियाणा योजना के कार्ड धारकों के लिए घुटना व कूल्हा प्रत्यारोपण सहित 11 प्रकार के ऑपरेशन निजी अस्पतालों में बंद कर सरकारी अस्पतालों तक सीमित करने के आदेशों के बाद कार्डधारक लोगों को चिंता सता रही थी कि अब उन्हें इस प्रकार के ऑपरेशन के लिए दूसरे जिलों में जाना पड़ेगा। लेकिन अब दादरी के नागरिक अस्पताल में ही अधिकांश ऑपरेशन की सुविधा शुरू होने से मरीजों को दूसरे जिलों में नहीं जाना पड़ेगा।
दादरी के नागरिक अस्पताल में आयुष्मान व चिरायु कार्ड धारक लोगों के ऑपरेशन की सुविधा शुरू हो गई है। लोगों को जागरूक करने के लिए साप्ताहिक सर्जिकल शिविर का भी आयोजन किया जा रहा है। मंगलवार को आयुष्मान कार्ड धारक एक मरीज का दूरबीन के माध्यम से पित्त की थैली का सफल ऑपरेशन किया गया है। - डॉ. नरेश कुमार, सिविल सर्जन, दादरी।