झोझूकलां निवासी सैनिक के घर से 10 लाख के गहनों समेत एक लाख की नकदी ले गए चोर
-भाई के मकान में लगे सीसीटीवी का कनेक्शन भी काटा
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी/झोझूकलां। अरुणाचल प्रदेश में तैनात कस्बा निवासी एक सैनिक के घर को चोरों ने अपना निशाना बनाया। चोर यहां से करीब दस लाख रुपये कीमत के गहने और एक लाख की नकदी पर हाथ साफ कर गए। घटना के वक्त सैनिक ड्यूटी पर था जबकि पत्नी अपने मायके गई थी। अब सैनिक की शिकायत पर झोझूकलां थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में झोझूकलां निवासी सुदेश ने बताया कि वो सेना में सूबेदार है और उनकी तैनाती तवांग (अरुणाचल-प्रदेश) में है। 6 सितंबर की शाम 6 बजे उसे सूचना मिली कि घर पर चोरी हो गई है। इसके बाद वो छुट्टी लेकर घर आया। सूबेदार सुदेश ने बताया कि घटना के वक्त उसकी पत्नी बिहरोड़ स्थित अपने मायके गई हुई थी।
सूबेदार ने बताया कि चोरों ने घर के कमरों के ताले तोड़कर तसल्ली से सामान खंगाला और फिर गहने व नकदी साथ ले गए। उसने बताया कि उसके भाई के मकान में कैमरे लगे हुए थे और वे उसकी मकान की तरफ था। लेकिन चोरों ने कैमरे का कनेक्शन काट दिया। शिकायतकर्ता के अनुसार सीसीटीवी की जो फुटेज उन्हें मिली उसके अनुसार 5 सितंबर की रात 11 से 12 बजे के बीच कनेक्शन काटा गया जबकि दूसरे सीसीटीवी में दो चोर भी कैद हुए हैं।
- ये गहने हुए चोरी
सूबेदार सुदेश के घर से सोने का मंगलसूत्र, सोने की चेन, सोने का सेट, सोने की अंगूठी, सोने के कड़े, सोने का सिक्का, दो जोड़ी चांदी की पायल, चांदी के 15 सिक्के, सोने की बाली, सोने के टाॅपस, सोने का कोका और नथ आदि गहने चोरी हुए हैं।
- नोटों की गड्डियां भी ले गए साथ
सुदेश के अनुसार चोर 10 रुपये के नोट की एक, 20 के नोट की दो, 50 के नोट की दो, 100 के नोट की एक गड्डी के अलावा 200 रुपये के 62 नोट और 500 रुपये के 34 नोट ले गए। कुल एक लाख पांच हजार की नकदी घर से चुराई गई।
सूबेदार सुदेश की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल का जायजा लेकर साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया। जल्द ही वारदात को सुलझा लिया जाएगा।
-राजकपूर, एएसआई एवं जांच अधिकारी, झोझूकलां थाना