चरखी दादरी। बिगोवा में उप स्वास्थ्य केंद्र का नया भवन बनाने का रास्ता साफ हो गया है। भवन निर्माण के लिए ग्राम पंचायत के जमीन देने का प्रस्ताव सौंपने के बाद अब मुख्यालय से भी भवन निर्माण को मंजूरी मिल गई है। नए भवन के निर्माण पर करीब 55 लाख रुपये लागत आएगी और 22 गुणा 33 फुट आकार की जमीन पर उप स्वास्थ्य केंद्र भवन का निर्माण करवाया जाएगा। उप स्वास्थ्य केंद्र का नया भवन बनने से पांच गांवों के करीब 15,000 लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी।
बिगोवा में बनाया गया उप स्वास्थ्य केंद्र भवन जर्जर हो चुका है। इस कारण इस भवन का उपयोग नहीं किया जा रहा। पिछले चार साल से स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव के पंचायत घर में बैठकर मरीजों का उपचार कर रही है। लंबे समय से गांव में उप स्वास्थ्य केंद्र का नया भवन बनाने की दरकार है। खुद का भवन न होने से एक तरफ उप स्वास्थ्य केंद्र की सेवाओं में विस्तार नहीं हो पा रहा तो दूसरी ओर टीम को भी दिक्कतें झेलनी पड़तीं हैं।
नया भवन बनाने की योजना पर चल रही प्रक्रिया का डीसी मनदीप कौर स्वास्थ्य विभाग और पंचायत विभाग से लगातार प्रगति पूछ रहीं हैं। उन्होंने आपसी तालमेल के जरिये इस योजना को जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए हैं। बिगोवा ग्राम पंचायत विभाग को जमीन देने का प्रस्ताव सौंप चुकी है। विभागीय अधिकारियों का तर्क है कि जमीन हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी करने के साथ नए भवन निर्माण की मंजूरी भी मिल गई है।
- चार कर्मचारियों की है तैनाती
बिगोवा उप स्वास्थ्य केंद्र में चार कर्मचारियों की तैनाती है। इनमें एक सीएचओ, दो एएनएम (एक नियमित और एक आरसीएच) समेत एक एमपीएचडब्ल्यू मेल वर्कर शामिल हैं। उप स्वास्थ्य केंद्र की दैनिक ओपीडी 25 से 30 रहती है।
- अन्य गांवों में भी बनने हैं नए भवन
बिगोवा के अलावा अन्य 28 गांवों में भी उप स्वास्थ्य केंद्र के नए भवन बनने हैं। बिगोवा के अलावा विभाग सांजरवास, रावलधी, मिसरी और बास में नया भवन बनाने की स्वीकृति मिल चुकी है। सभी जगह 55-55 लाख रुपये की लागत से नए भवन का निर्माण करवाया जाएगा। कहीं 22 गुणा 33 फुट आकार की तो कहीं आधा एकड़ जमीन पर उप स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण करवाया जाएगा।
बिगोवा में उप स्वास्थ्य केंद्र के नए भवन निर्माण की मंजूरी मिल गई है। यहां 23 गुणा 33 फुट आकार की जगह पर उप स्वास्थ्य केंद्र का नया भवन बनेगा और इससे बिगोवा समेत पांच गांवों को फायदा होगा। - डॉ. संजय गुप्ता, डिप्टी सीएमओ, चरखी दादरी।