चरखी दादरी। पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार पी. के मार्गदर्शन में बुधवार को आदमपुर के और मंदोली के निजी स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। एंटी नारकोटिक्स सेल के एएसआई राहुल फोगाट और थाना झोझू कलां की महिला पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को नशामुक्ति, साइबर सुरक्षा, महिला एवं बाल सुरक्षा और डायल-112 की जानकारी दी।
एएसआई राहुल फौगाट ने बताया कि नशा स्वास्थ्य, शिक्षा, कॅरिअर और पारिवारिक जीवन को प्रभावित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से खुद नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। नशीले पदार्थों की बिक्री या तस्करी की सूचना पुलिस को देने की अपील भी की। पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को साइबर ठगी से बचने के लिए बैंक खाते, ओटीपी, सीवीवी, यूपीआई पिन और पासवर्ड किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने की सलाह दी। साइबर धोखाधड़ी होने पर हेल्पलाइन नंबर 1930 या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी।
महिला पुलिस टीम ने छात्राओं को छेड़छाड़, पीछा करने और ऑनलाइन उत्पीड़न जैसी घटनाओं की शिकायत बिना किसी डर के पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया। साथ ही बताया कि दुर्घटना, झगड़े या किसी अन्य आपात स्थिति में डायल-112 पर संपर्क कर पुलिस सहायता ली जा सकती है। पुलिस ने विद्यार्थियों से आपातकालीन सेवा का दुरुपयोग नहीं करने की अपील भी की।