चरखी दादरी। आजादी के 75 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में दादरी जिले में आजादी का अमृत महोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को वैश्य एजुकेशन सोसायटी ने दादरी शहर में 2.5 किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा निकाली, जिसका नेतृत्व उपायुक्त श्यामलाल पूनिया ने किया। यात्रा के मद्देनजर पुलिस ने शहर की सड़कों पर ट्रैफिक को रोके रखा। उपायुक्त श्यामलाल पूनिया ने कहा कि आज जो बच्चे स्कूलों में पढ़ाई कर रहे हैं, कल वो ही आजादी के सौ साल पूरे होने पर आने वाले भारत के निर्माता होंगे। विश्व विजयी भारत के सपने को साकार करने का जिम्मा इन्हीं बच्चों पर है। उन्होंने कहा कि वैश्य एजुकेशन सोसायटी दादरी की पुरानी शिक्षण संस्थाओं में से एक है और जिला प्रशासन के सभी कार्यक्रमों में यह संस्था हमेशा अतुलनीय योगदान देती है। उपायुक्त ने इस तिरंगा यात्रा की स्वयं अगुवाई की और वे बच्चों के साथ हाथ में तिरंगा लेकर चले।
वैश्य विद्यालय से यह यात्रा पुरानी अनाज मंडी, दिल्ली रोड, मेन मार्केट, लाला लाजपतराय चौक, पुराना बस स्टैंड रोड, कोर्ट रोड, रोहतक चौक, रेलवे रोड होते हुए वापस उद्गम स्थल पर समाप्त हुई। मेन चौक पर उपायुक्त ने लाला लाजपत राय की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
तिरंगा यात्रा में सबसे आगे वैश्य स्कूल के छात्रों की बैंड की टुकड़ी थी। इसके बाद वैश्य कन्या स्कूल और वैश्य ब्वायॅज स्कूल की एनसीसी टुकड़ी नारे लगाते हुए चली। यात्रा में तिरंगा लहराते हुए एक झांकी आकर्षण का केंद्र रही। यात्रा में स्कूल के कुछ छात्रों ने देशभक्ति का गीत गाते हुए तिरंगा फहराने के लिए लोगों को प्रेरित किया। वैश्य एजुकेशन सोसायटी के महासचिव विष्णु गोयल ने बताया कि संस्था के दोनों विद्यालयों के संयुक्त तत्वावधान में इस यात्रा का आयोजन किया गया है।
ये रहे मौजूद
इस मौके पर वैश्य एजुकेशन सोसायटी के प्रधान रविंद्र सिलगर, उप-प्रधान प्रदीप, सचिव सुनील गर्ग, चंद्रमोहन गर्ग, चेयरमैन अर्जुनलाल बजाज, भारत भूषण, श्रुति मित्तल, मोनिका मित्तल, राजेश, प्राचार्य संजीव कौशिक, पूनम कलकल, रविंद्र गुप्ता, सतीश बजाज, विजय आदि मौजूद रहे।